ऐप पर पढ़ें
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर शनिवार को निशाना साधा। उन्होंने हैदराबाद में कहा, ‘शाह कल आने वाले हैं। वह पूछेंगे कि कांग्रेस ने बीते 53 साल में क्या किया, हमें रिपोर्ट कार्ड दीजिए। वे लोग पहले 70 साल कहते थे, लेकिन अब उन्होंने समय घटाकर 53 साल कर दिया है। आप लोग शाह को बताइए कि आजादी के बाद कांग्रेस ने क्या-क्या किया है। हैदराबाद को देश के साथ किसने जोड़ा? कांग्रेस ने जोड़ा।’
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पटेल और नेहरू ने 1947 के बाद खंडित देश को एकजुट किया। खरगे ने कहा, ‘संविधान किसने दिया? IIT, IIM, AIIMS,ISRO, DRDO, SAIL, HAL, BEL और ONGC किसने दिया? कांग्रेस ने ये सब दिया है। हमारी पार्टी ने मजबूत और एकजुट देश दिया है। एक सुई तक देश में नहीं बनती थी। हमने हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और कानपुर में बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां लगाईं। बताइए कि बीजेपी ने कौन सी बड़ी फैक्ट्री लगाई? मगर, आज उन्हें लगता है कि उन्होंने सब कुछ किया?’
बीजेपी और बीआरएस बन गए दोस्त: खरगे
खरगे ने भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख व तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर भी हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि विपक्षी गठबंधन INDIA की किसी भी बैठक में बीआरएस शामिल क्यों नहीं हुआ। खड़गे ने हैदराबाद में कहा, ‘बीजेपी और बीआरएस अब दोस्त बन चुके हैं। उनके बीच कोई अंदरूनी डील है, इसीलिए वे एक-दूसरे के खिलाफ नहीं बोल सकते। मैंने सुना है कि KCR ने भाजपा के खिलाफ बोलना बंद कर दिया है।’
खरगे बोले- PM मोदी से लड़ने के लिए 26 पार्टियां एकसाथ
कांग्रेस के सीनियर नेता ने कहा, ‘केंद्र में पीएम मोदी से लड़ने के लिए 26 पार्टियां एकसाथ आ चुकी हैं। मगर, केसीआर किसी भी बैठक में शामिल नहीं हुए। उन्होंने यह पूछा तक नहीं कि क्या सभी धर्मनिरपेक्ष दल मोदी को हराने के लिए साथ आ रहे हैं। आप लोग देखिए कि BRS खुद को धर्मनिरपेक्ष पार्टी कहती है, लेकिन उसने चुपके से बीजेपी से हाथ मिला लिया है। मगर, हम सभी विपक्ष दलों को एकसाथ लेकर आए हैं।’ खरगे ने कहा कि पहले पटना में बैठक हुई। इसके बाद मेरे घर पर मीटिंग हुई और अभी ऐसी कई बैठकें होंगी। उन्होंने कहा, ‘हमारा उद्देश्य क्या है? भाजपा को केंद्र से और केसीआर जैसे भाजपा का समर्थन करने वालों को राज्य से हटाना। यही हमारी लड़ाई है।’