ऐप पर पढ़ें
चटपटा खाने के शौकीन हों और पानी पूरी का नाम सुनकर मुंह में पानी ना आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। पानी पूरी, गुपचुप या पुचका जैसे ढेरों नामों से बुलाई जाने वाले खास इंडियन स्ट्रीट फूड को आज दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन Google सेलिब्रेट कर रहा है। गूगल के होम-पेज पर आज एक पानी पूरी डूडल दिख रहा है और इस इंटरैक्टिव डूडल पर क्लिक करते हुए आप मजेदार गेम खेल सकते हैं।
गूगल अलग-अलग मौकों को सेलिब्रेट करने के लिए अपने सर्च इंजन होमपेज पर रंग-बिरंगे डूडल दिखाता है। आज गूगल सबको पानी पूरी के बारे में बता रहा है और इंटरैक्टिव गेम खेलने का मौका दे रहा है। गूगल ने बताया है कि पानी पूरी एक लोकप्रिय दक्षिण एशियाई स्ट्रीट फूड है, जिसे बाहरी कड़क लेयर में आलू, चना, मसाले, चटनी और चटपटा पानी भरकर बनाया जाता है। पानीपूरी के लिए गूगल की यह परिभाषा वाकई मजेदार है।
यह भी पढ़ें: गूगल यूजर्स फौरन हो जाएं सावधान! सरकार ने जारी की गंभीर चेतावनी
आज क्यों दिख रहा है यह खास डूडल?
आपके मन में सवाल होगा कि पानी पूरी के बारे में बताने और यह डूडल लगाने के लिए गूगल ने आज 12 जुलाई का दिन ही क्यों चुना। दरअसल, आज ही के दिन साल 2015 में मध्य प्रदेश के इंदौर में पानी पूरी से जुड़ा एक विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। इंदौर के एक रेस्तरां ने सबसे ज्यादा फ्लेवर की पानी पूरी सर्व करते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि इस रेस्तरां ने 12 जुलाई, 2015 को कुल 51 फ्लेवर की पानी पूरी पेश की थी।
महाभारत से है पानी पूरी का कनेक्शन
पानी पूरी का भारत और इसके इतिहास से पुराना नाता है और कुछ कहानियां तो इसे महाभारत काल से जोड़ती हैं। कहा जाता है कि पांडवों से शादी के बाद द्रौपदी के पास उन्हें खिलाने के लिए बची-खुची सब्जियां और आटा होता था, इसलिए उन्होंने आटे की पूरियां बनाकर उन्हें आलू और सब्जियों से भरा। दावा है कि यहीं से पानी पूरी का आविष्कार हुआ। याद दिला दें, द्रौपदी से शादी के समय पांडव 12 वर्ष का वनवास काट रहे थे।
यह भी पढ़ें: इनबॉक्स में मेसेज का जवाब देगा गूगल का AI फीचर, लंबे रिप्लाई लिखने का झंझट खत्म
गूगल होमपेज पर ऐसे बनें ‘गोलगप्पे वाले’
मजेदार पानी पूरी गेम खेलने के लिए आपको सबसे पहले Google.com पर जाना होगा और स्क्रीन पर दिख रहे ‘Play’ बटन पर क्लिक करना होगा। आप ‘Timed’ और ‘Relaxed’ मोड्स में से चुन पाएंगे। पहले Timed मोड में सीमित समय के अंदर गोलगप्पे सर्व करने होंगे। अब आपको ऊपर ग्राहक और उनकी ओर से मांगे जा रहे गोलगप्पे दिखाए जाएंगे। ऊपर दिख रही संख्या और टाइप के हिसाब से ही आपको नीचे विंडो में दिख रहे गोलगप्पों पर क्लिक करते जाना है। गोलगप्पे खत्म होने के साथ-साथ आपका स्कोर बढ़ता जाएगा और नए ग्राहक आते जाएंगे।