ऐप पर पढ़ें
उत्सवों को सुविधाजनक बनाने और धार्मिक जुलूसों के कुशल प्रबंधन के लिए, महाराष्ट्र सरकार ने 29 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब अनंत चतुर्दशी और ईद-ए-मिलाद दोनों एक ही दिन, यानी कल, 28 सितंबर को पड़ रहे हैं। यह घोषणा तब की गई जब एक प्रमुख धार्मिक और सामाजिक संगठन, अखिल भारतीय खिलाफत समिति ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से संपर्क किया।
इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने मुस्लिम नेताओं के अनुरोध पर 29 सितंबर को ईद-ए-मिलाद की छुट्टी की घोषणा की है। इस साल अनंत चतुर्दशी और दस दिवसीय गणेश उत्सव का अंतिम दिन 28 सितंबर को है और इसी दिन पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के रूप में मनाए जाने वाला त्योहार ईद-ए-मिलाद है।
एक बयान के अनुसार अनंत चतुर्दशी और ईद-ए-मिलाद के अवसर पर मुंबई और अन्य स्थानों पर जुलूस निकाला जाता है और इसके मद्देनजर ऑल इंडिया खिलाफत के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से कोई रास्ता निकालने का अनुरोध किया।
शिंदे ने एक वक्तव्य में कहा, ‘‘प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया है कि 29 सितंबर, शुक्रवार को छुट्टी की घोषणा की जाए ताकि पुलिस दोनों दिन (28 और 29 सितंबर) जुलूस के लिए बंदोबस्त कर सके। राज्य सरकार ने शुक्रवार को भी सरकारी अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है।’’ इस घोषणा के बाद राज्य में बृहस्पतिवार और शुक्रवार के अवकाश के बाद सप्ताहांत होगा और दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती की छुट्टी होगी।