Kannauj Accident: यूपी के कन्नौज में घने कोहरे की वजह से बड़ा हादसा हो गया है। यहां आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक निजी स्लीपर बस पलट गई। बस में कुल 40 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में तीन सवारियों की मौत हो गई जबकि 17 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब 11 बजे यह निजी बस दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। घने कोहरे के कारण कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के बांसुरिया गांव के पास बस अचानक बेकाबू हो गई और पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 17 लोग घायल हैं।
दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। घायलों में से कई की हालत अत्यंत गंभीर है। उनका इलाज जारी है।