Monday, July 8, 2024
Google search engine
HomeNationalकहानी 160 सीटों की, जहां हारी, पिछड़ी या कम अंतर से जीती...

कहानी 160 सीटों की, जहां हारी, पिछड़ी या कम अंतर से जीती BJP; समझें मेगा प्लान


2024 दूर नहीं, भारतीय जनता पार्टी इस विचार पर ही काम करती नजर आ रही है। खबर है कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए बड़ा प्लान तैयार कर लिया है, जिसमें मंत्री से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता सभी काम करेंगे। इस प्लान में वे सीटें भी शामिल हैं, जो भाजपा के लिए बीते चुनावों में मुश्किल रही हैं। पहले इन सीटों की संख्या 144 थी, जो हाल ही में बढ़कर 160 हो गई।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जीत की रणनीति कहती है, ‘बगैर मजबूत संगठन के, भाजपा अपनी सफलता नहीं दोहरा सकती।’ अब पार्टी ने बीते साल लोकसभा प्रवास योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत पार्टी नेताओं और मंत्रियों को 2024 चुनाव के लिहाज से मुश्किल मानी जा रही सीटों की जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। खास बात है कि ये ऐसी सीटें थी, जहां भाजपा 2019 में दूसरे स्थान, तीसरे स्थान पर रही या बहुत ही कम अंतर से जीती थी।

BJP की 160 सीटों की रणनीति को समझते हैं

खबर है कि बीते साल 25 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्री परिषद की बैठक में लोकसभा प्रवास योजना पेश की गई थी। शॉर्टलिस्ट किए गए क्षेत्र एक क्लस्टर का हिस्सा हैं, जहां मंत्री या पार्टी के वरिष्ठ नेता को प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया जाएगा। इसके जरिए पार्टी का मकसद कार्यकर्ताओं को कई चीजों के लिए प्रोत्साहित रखना है।

इसमें बूथ स्तर पर गतिविधियां चलते रहने से लेकर स्थानीय हस्तियों को प्रभावित करने और सोशल मीडिया पर सक्रियता शामिल था। 2019 चुनाव में भाजपा ने 436 सीटों पर चुनाव लड़कर 303 अपने नाम की थी। रिपोर्ट के अनुसार, अब 144 सीटों वाले शुरुआती दौर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नजर आने के बाद भाजपा ने ऐसी सीटों की संख्या बढ़ाकर 160 कर दी है। कहा जा रहा है कि यह आंकड़ा बढ़कर 200 के पार जा सकता है।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पार्टी ने पहले ही सभी 160 क्षेत्रों में एक-एक विस्तारक भेज दिया है।

कहां हैं ये सीटें

कहा जा रहा है कि भाजपा का ध्यान दक्षिण और पूर्वी राज्यों की तरफ है। इनमें पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और ओडिशा जैसे राज्य शामिल हैं। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश और बिहार से भी कुछ क्षेत्र शामिल हैं। महाराष्ट्र में पार्टी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार की बारामती समेत 16 क्षेत्रों को चुना है। बंगाल से 19 सीटें शामिल हैं।

भाजपा ने उत्तर प्रदेश से गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली, आंबेडकर नगर, श्रावस्ती, लालगंज, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा और मैनपुरी को सामिल किया है। तेलंगाना से मेहबूब नगर, नगर कुर्नूल, नलगौंडा हैं। बीते सप्ताह भाजपा ने बिहार के 10 क्षेत्रों में 4 और जोड़े। बंगाल में भी 5, महाराष्ट्र में 3 क्षेत्रों में इजाफा किया गया है। इसके अलावा यूपी और पंजाब में 2-2 क्षेत्र बढ़े हैं।

अब तैयारी समझें

रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया है कि पार्टी नेतृत्व ने मंत्रियों को 25 मई 2022 को हुई बैठक में 144 पॉइंट प्रोग्राम शीट दी है। इस एक्शन प्लान के तहत हर क्षेत्र एक क्लस्टर का हिस्सा है, जिसका प्रभारी नियुक्त किया गया है। एक तीन स्तरीय समिति (केंद्रीय, स्थानीय और जिला स्तर) बनाई जाएगी। ये समिति सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी जुटाएगी। स्थानीय संगठन का इस्तेमाल कर मंत्रियों को जाति, आर्थिक स्थिति, युवाओं, महिलाओं, गरीबों की संख्या आदि जैसी जानकारी तैयार करनी होगी।

इसके अलावा स्थानीय संस्कृति, त्यौहार, राजनीतिक घटनाक्रम जैसी जानकारी हासिल करनी होगी। ये कमेटियां उन बूथ और ब्लॉक तक पहुंचेंगी, जहां उम्मीदवारों का प्रदर्शन बीते कुछ चुनाव से कमजोर रहा है। इसके बाद स्थानीय नेतृत्व से मिले फीडबैक के आधार पर जानकारी और सुझाव केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाए जाएंगे।

खबर है कि पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, नरेंद्र सिंह तोमर, गिरिराज सिंह, मनसुख मांडविया, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, संजीव बालयान, जितेंद्र सिंह, महेंद्र नाथ समेत कई नेताओं को क्लस्टर प्रभारी बनाया गया है। जबकि, अन्य को केवल क्षेत्रों का काम सौंपा गया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि देशभर में भाजपा के 40 क्लस्टर हैं।

मंत्रियों को क्षेत्र में कम से कम 48 घंटे गुजारने होंगे और बार-बार दौरा करना होगा। मंत्रियों से SWOT एनालिसिस की उम्मीद की जा रही है। हर मंत्री को 6 घरों तक जाना होगा। साथ ही उन्हें हर दौरे पर कम से कम 6 कार्यक्रम करने होंगे। इसके अलावा उन्हें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि पार्टी को हर बूथ पर कम से कम 20 नए सदस्य मिले।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments