[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला सहित सभी आरतियों का शुल्क बढ़ा दिया गया है। मंगला आरती का टिकट अब 350 रुपये की जगह 500 रुपये में मिलेगा। सप्तऋषि, शृंगार भोग व मध्याह्न भोग आरती के टिकट 180 की जगह अब 300 रुपये में मिलेंगे। शुल्क वृद्धि का निर्णय बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की 104वीं बैठक में लिया गया। शुल्क वृद्धि एक मार्च से लागू होगी।
मंडलायुक्त सभागार में न्यास अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। न्यास के सदस्यों ने मैदागिन व गोदौलिया पर वाहन रोक देने के कारण दर्शनार्थियों को मंदिर तक पहुंचने में घोर असुविधा की चर्चा की। इस पर मंदिर की ओर से मैदागिन व गोदौलया से मंदिर तक ई-रिक्शा चलाने का निर्णय हुआ। न्यास सदस्यों व अधिकारियों ने पहले इसकी फिजिबिलिटी चेक कराकर नगर निगम या यातायात विभाग के साथ काम करने पर सहमति जताई। वहीं, काशी विश्वनाथ मंदिर में पूरे वर्ष के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का कैलेंडर तैयार होगा। कैलेंडर तैयार के लिए कमेटी गठित होगी। मार्च में ट्रस्ट की डायरी छपवाने का भी निर्णय हुआ।
जल्द ही स्पर्श दर्शन के लिए भी देना होगा शुल्क
विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में स्पर्श दर्शन के लिए शुल्क का प्रावधान होने जा रहा है। विश्वनाथ मंदिर न्यास बोर्ड की बैठक में हुए निर्णय के अनुसार एक कमेटी शुल्क का प्रस्ताव बनाएगी। मंदिर के सीईओ सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि बाबा का स्पर्श दर्शन अभी प्रतिदिन सुबह 4 से 5 और शाम 5 से 6 बजे के बीच होता है। लेकिन काफी लोग वीआईपी के नाम पर अरघा हटाकर विग्रह का स्पर्श करते हैं। इसलिए शुल्क लगाने की तैयारी की जा रही है।
धाम में कवरिंग शेड लगेगा
विश्वनाथ धाम के मंदिर चौक में कतारबद्ध होने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा के लिए प्री-फैब्रिकेटेड कवरिंग शेड लगाने का निर्णय हुआ है। इस पर आने वाला खर्च केनरा बैंक अपने सीएसआर फंड से देगा। इस मुद्दे को सबसे पहले ‘हिन्दुस्तान’ ने प्रकाशित किया था।
105 करोड़ आय का लक्ष्य
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वर्ष 2022-23 के लिए 105 करोड़ की आय व 40 करोड़ के खर्च का बजट पेश किया। न्यास सदस्यों ने हाल ही में मंदिर परिसर में की गई वास्तु पूजा और देव गैलरी निर्माण में पूजा कराने वाले विद्वानों व निर्माण में लगे सहयोगियों का धन्यवाद जताया।
बीएचयू व संस्कृत विवि के छात्रों को छात्रवृत्ति
विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से बीएचयू और संपूर्णानंद संस्कृति विश्वविद्यालय के स्नातक व स्नातकोत्तर के सभी पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति देने पर भी निर्णय हुआ। कर्मचारियों व अर्चकों की सेवा नियमावली को अंतिम रूप देने के लिए गठित समिति को और एक माह का समय दिया गया है। सफाईकर्मियों समेत अन्य कार्मिकों का महंगाई भत्ता चार फीसदी बढ़ाया गया है।
पुजारियों व अर्चक का होगा ड्रेस कोड
न्यास अध्यक्ष के अनुसार मंदिर की गरिमा के अनुरूप पुजारियों व अर्चकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने का निर्णय लिया गया। सभी को ट्रस्ट की ओर से दो सेट ड्रेस दिए जाएंगे।
[ad_2]
Source link
