Friday, July 19, 2024
Google search engine
HomeNationalग्रैमी अवॉर्ड की रेस हार गया पीएम मोदी का गाना, जाकिर हुसैन...

ग्रैमी अवॉर्ड की रेस हार गया पीएम मोदी का गाना, जाकिर हुसैन के ‘पश्तो’ ने मारी बाजी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गीत ‘‘अबन्डंस इन मिलेट्स’’ ग्रैमी अवॉर्ड्स 2024 की रेस में हार गया। जिस कैटेगरी के लिए पीएम मोदी का गीत नॉमिनेट था उसमें भारत के ही मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन ने बाजी मारी। इसके अलावा, संगीतकार शंकर महादेवन और जाकिर हुसैन के फ्यूजन बैंड ‘शक्ति’ ने ‘दिस मोमेंट’ के लिए बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम का ग्रैमी अवॉर्ड अपने नाम किया। इस एल्बम में म्यूजिक ग्रुप के संस्थापक सदस्य गिटार वादक जॉन मैकलॉघलिन के साथ जाकिर हुसैन, शंकर महादेवन, वायलिन वादक गणेश राजगोपालन और तालवादक सेल्वागणेश विनायकराम शामिल हैं।

जाकिर हुसैन ने ‘पश्तो’ के लिए बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस और अमेरिका के बेंजो वादक बेला फ्लेक और अमेरिकी बास वादक एडगर मेयेर के साथ ‘एज वी स्पीक’ के लिए बेस्ट कंटेंपरेरी इंस्ट्रुमेंटल एल्बम का ग्रैमी अवॉर्ड भी जीता। इस एल्बम में महान बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया के भतीजे और भारतीय बांसुरी वादक राकेश चौरसिया भी हैं।

बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस की कैटेगरी में आठ नॉमिनेशन थे जिसमें फालू का गीत ‘‘अबन्डंस इन मिलेट्स’’ शामिल था। इस गीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी दिखाई दिए हैं। दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय-अमेरिकी गायक फालू के साथ मिलकर बाजरा के लाभों पर एक गाना लिखा था। इसे साल 2024 के लिए बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया था। अब इस कैटेगरी में अवॉर्ड जाकिर हुसैन ने जीत लिया है।

हुसैन ने ‘पश्तो’ के लिए अवॉर्ड लेते वक्त कहा, ‘‘प्रेम और संगीत के बिना हम कुछ भी नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एकेडमी का शुक्रिया, हमें आज यह खूबसूरत संगीत देने के लिए इन सभी महान संगीतकारों का शुक्रिया। हमारे एक सदस्य बेला फ्लेक मौजूद नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी, राकेश चौरसिया और एडगर मेयेर की तरफ से हम दिल से आभार व्यक्त करते हैं…हमारे परिवार यहां हैं और उनके बिना हम कुछ भी नहीं हैं। प्रेम, संगीत, सौहार्द के बिना हम कुछ भी नहीं हैं।’’

बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम का ग्रैमी अवॉर्ड पाने वाले ‘शक्ति’ का 45 से अधिक वर्षों में पहला स्टूडियो एल्बम ‘दिस मूमेंट’ जून 2023 में रिलीज किया गया था। संगीत के क्षेत्र के सबसे बड़े पुरस्कार ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन करने वाली रिकॉर्डिंग एकेडमी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पेज पर यह घोषणा की। पोस्ट में कहा गया है, ‘‘सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम विजेता ‘दिस मूमेंट’ शक्ति को बधाई।’’ महादेवन, राजगोपालन और सेल्वागणेश पुरस्कार लेने के लिए मंच पर आए जबकि मैकलॉघलिन समारोह में शामिल नहीं हुए और हुसैन एक और ग्रैमी पुरस्कार जीतने के बाद मंच के पीछे थे।

महादेवन ने इस जीत का श्रेय अपनी पत्नी संगीता को देते हुए कहा, ‘‘हम आपको याद कर रहे हैं जॉन जी। जाकिर हुसैन, उन्होंने आज एक और ग्रैमी पुरस्कार जीता है। ब्वॉयज, ईश्वर, परिवार, दोस्तों और भारत का शुक्रिया। हमें भारत पर गर्व है।’’ राजगोपालन ने इस पुरस्कार के लिए रिकॉर्डिंग एकेडमी का आभार जताया। सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम की श्रेणी में अन्य नामांकन में ‘एपिफेनियाज’ (सुसैन बाका), ‘हिस्ट्री’ (बोकांते), ‘आई टोल्ड देम…’ (बर्ना ब्वॉय) और ‘टाइमलेस’ (डेविडो) शामिल थे।

पुरस्कार समारोह में शामिल हुए दो बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज ने 2024 को ग्रैमी में भारत का वर्ष बताया। उन्होंने कहा, ‘‘वाह…यह ग्रैमी में पूरी तरह से भारत का वर्ष है। वाह..राकेश चौरसिया, शंकर महादेवन, गणेश राजगोपालन, सेल्वागणेश विनायकराम और उस्ताद जाकिर हुसैन…भारत सही में चमकता सितारा है!! रोमांचक!! एक ही साल में पांच भारतीयों ने ग्रैमी पुरस्कार जीते हैं।’’

केज ने एक अलग पोस्ट में कहा, ‘‘…और उस्ताद जाकिर हुसैन ने एक ही रात में तीन ग्रैमी पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। राकेश चौरसिया ने दो पुरस्कार जीते हैं। यह ग्रैमी में भारत के लिए बड़ा साल है…और मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे यह देखने का अवसर मिला।’’

ब्रिटिश गिटारवादक मैकलॉघलिन ने हुसैन, भारतीय वायलिन वादक एल. शंकर और तालवादक टी एच ‘विक्कू’ विनायकराम (सेल्वागणेश विनायकराम के पिता) के साथ मिलकर 1973 में ‘शक्ति’ बनाया था। मृदंग वादक रामनाद वी राघवन के साथ इस संगीत बैंड ने 1975 में पहला एल्बम ‘शक्ति’ जारी किया। इस संगीत बैंड की आधिकारिक वेबसाइट पर कहा गया है कि ‘‘अभूतपूर्व अंतरमहाद्वीपीय सहयोग’’ कहे जाने वाला शक्ति पूर्वी और पश्चिमी संगीतकारों को जोड़ता है।

इस साल के ग्रैमी पुरस्कार का आयोजन रविवार रात को लॉस एंजिलिस में किया गया। अमेरिकी गायिका मारिया कैरी ने संगीत के क्षेत्र के सबसे बड़े ग्रैमी पुरस्कार समारोह का पहला पुरस्कार माइली सायरस को ‘‘फ्लावर्स’’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘पॉप सोलो’ प्रस्तुति की श्रेणी में दिया। दुआ लीपा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समारोह का आगाज किया। सर्वश्रेष्ठ रैप प्रस्तुति का पुरस्कार किलर माइक को दिया गया। इसके बाद माइक ने ‘माइकल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ रैप एल्बम का पुरस्कार भी जीता।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments