[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
Home Decor Tips: कहते हैं कि चाहे कहीं भी चले जाओ, लेकिन अपने घर सा सुकून कहीं नहीं मिलता है। लेकिन अपने घर में भी एक कोना ऐसा जरूर होता है, जो सबसे अच्छा लगता है और उस कोने से आप खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। वह कोना घर की बालकनी, कोई खिड़की, छत का कोई खास हिस्सा या अपने बेडरूम का ही कोई कोना हो सकता है। अमूमन इस कोने में आप सबसे ज्यादा समय बिताना पसंद करते हैं और शांति का अनुभव करते हैं। क्या आपके घर में भी कोई ऐसा फेवरेट कॉर्नर है जहां आप सारी परेशानियां भूल कर सुकून के कुछ लम्हे अपने लिए निकाल पाती हैं। यदि ऐसा है, तो बहुत अच्छी बात है, लेकिन अगर ऐसा कोई कोना नहीं है तो क्यों ना आप अपने लिए एक छोटा-सा फेवरेट कॉर्नर तैयार कर लें, जहां गर्मागर्म चाय की प्याली के साथ अपनी थकान उतारी जा सके?
अपने मिजाज जैसी सजावट-
प्रत्येक व्यक्ति की पसंद अलग-अलग होती है। कुछ लोगों को सामान से भरा हुआ घर अच्छा लगता है और कुछ लोगों को कम से कम सामान रखने की आदत होती है। इसी तरह कुछ लोग ताजा फूल सजाना पसंद करते हैं तो कुछ खूबसूरत पेंटिग से अपना घर सजाते हैं। सजावट का यह नियम आपके फेवरेट कॉर्नर पर भी लागू होता है। यानी वह कोना ऐसा होना चाहिए जो आपके व्यक्तित्व से मेल खाता हो। उदाहरण के लिए यदि पढ़ने की शौकीन हैं तो अपनी फेवरेट किताबें वहां रख सकती हैं या बागवानी का शौक है तो पेड़-पौधों के बीच ही अपने बैठने के लिए कुछ इंतजाम कर सकती हैं।
ड्राइंग रूम का कोजी कॉर्नर-
यदि ड्राइंग रूम बहुत बड़ा है तो आप उसके किसी एक कोने को अपने हिसाब से सजा सकती हैं। उदाहरण के लिए सोफे और टेबल के बाद भी यदि काफी जगह बचती है तो वहां आप एक छोटा नर्म गद्दा डालकर उसके साथ गोल तकिए और बड़े आकार के कुशन सजा सकती हैं। साथ ही उस कोने की दीवार पर कोई आकर्षक परदा लगाकर सजाया जा सकता है।
बेडरूम की सजावट-
वैसे तो बेडरूम निजी कक्ष ही होता है, लेकिन अपने लिए एक छोटा सा कोना यहां भी बनाया जा सकता है, जहां सोने से पहले कुछ देर बैठकर आप खुद के साथ समय बिता सकती हैं। इसके किए किसी एक कोने में खूबसूरत रग्स या दरी बिछाकर उस पर बहुत सारे कुशन लगा लें ताकि आराम से बैठा जा सके। जगह हो तो एक छोटी सी टेबल भी रख लें, जिस पर आप अपनी कॉफी या चाय का कप या किताब रख सकें।
डाइनिंग एरिया का मेकओवर
पहले जमीन पर बैठकर ही भोजन करने का रिवाज था, लेकिन अब ज्यादातर घरों में डाइनिंग टेबल पर बैठकर ही खाना खाया जाता है। लेकिन कभी-कभार जमीन पर बैठकर अनौपचारिक तरीके से भी भोजन करना चाहिए। किसी एक कोने में कोई खूबसूरत सी चौकी लगाकर जमीन पर बैठकर भोजन करने की व्यवस्था करें। इसे खूबसूरत बनाने के लिए साथ में मिट्टी का छोटा घड़ा और खूबसूरत सी लालटेन रखी जा सकती है। साथ ही बैठने के लिए नर्म गद्दी और पीछे बड़े आकार का कुशन जरूर रखें ताकि जमीन पर बैठने में परेशानी ना हो।
तैयार करें स्टडी कॉर्नर
लिखने-पढ़ने के शौकीन हमेशा ऐसी शांत जगह की तलाश करते हैं, जहां वे सुकून से अपनी पसंदीदा किताब पढ़ सकें या कुछ लिख सकें। वैसे भी घर में स्टडी कॉर्नर घर की खूबसूरती को और ज्यादा बढ़ा देता है। इसे तैयार करने के लिए घर के सबसे शांत हिस्से में एक छोटी सी मेज और आरामदायक कुर्सी लगा लें। साथ ही टेबल पर लैम्प की व्यवस्था जरूर करें। मेज पर अपनी किताबों के साथ एक छोटा सा पौधा भी रखें। यदि कोई खिड़की है तो अपना स्टडी कॉर्नर उसके पास ही तैयार करने ताकि प्राकृतिक रोशनी आ सके।
इन बातों का भी रखें ख्याल
• भारी-भरकम फर्नीचर की बजाय हल्के और सादे फर्नीचर का चुनाव करें ताकि रख-रखाव में ज्यादा मेहनत ना करनी पड़े।
• जगह कम हो तो र्फोंल्डग फर्नीचर का चुनाव करें।
• पैरों पर डालने के लिए सर्दियों में कोई हल्का कंबल और गर्मियों में कोई पतली लिनन की चादर रखें।
• खुशबूदार मोमबत्ती जलाने से ना केवल माहौल अच्छा होता है, बल्कि मानसिक शांति भी मिलती है।
• यदि लंबे समय तक कुर्सी पर बैठना हो तो पैरों के लिए फुट रेस्ट जरूर रखें ताकि आराम से बैठा जा सके।
• यह आपका अपना कोना है, इसलिए उसे अपने हिसाब से तैयार करें।
[ad_2]
Source link