Wednesday, March 12, 2025
Google search engine
HomeNationalजयंत ने आरएलडी को लेकर अटकलों पर लगाया विराम, इंडिया पर अखिलेश...

जयंत ने आरएलडी को लेकर अटकलों पर लगाया विराम, इंडिया पर अखिलेश बोले-चेहरे का सवाल नहीं  


ऐप पर पढ़ें

Akhilesh Yadav: मुंबई में हुई विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) की बैठक के बाबत सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सवाल चेहरे का नहीं है। सबसे खुशी की बात यह है कि सब लोग साथ आ गए। अलग-अलग विचारधारा के लोग एकजुट होकर भाजपा को हराएंगे। मैं समझता हूं कि नाम (चेहरे का) भी जल्द आ जाएगा। उधर, इंडिया की बैठक में जयंत चौधरी के शामिल होने से रालोद लेकर अटकलों पर विराम लग गया। 

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बैठक के बाद मीडिया से कहा कि मोदी सरकार द्वारा एक राष्ट्र एक चुनाव केवल शिगूफा है। यह हमारी इंडिया की बैठक के वक्त ध्यान भटकाने के लिए इसे उछाला गया है। वन नेशन व वन इलेक्शन यह केवल जनता को धोखा देने वाला है। यहां तक कि जब पिछली गठबंधन की बैठक हुई थी तब भी उन्होंने एनडीए की बैठक बुला ली। एक राष्ट्र, एक चुनाव कानून लागू होने पर हमसे ज्यादा खुशी किसे होगी? क्या वे यूपी में ऐसा करेंगे? अगर वे लोकसभा चुनाव के साथ यूपी चुनाव भी कराते हैं, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है?

सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दलों के बीच इसी महीने तक सीट शेयरिंग का फार्मूला तय कर लेने पर सहमति बनी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने सीट का बटवारा जल्द करने पर जोर दिया ताकि वक्त रहते हुए आगे के काम हो सकें। महाराष्ट्र सपा के अध्यक्ष अबु आजमी ने ‘हिंदुस्तान’ से बातचीत में कहा कि जिन राज्यों में क्षेत्रीय दल भाजपा को शिकस्त देने की क्षमता रखते हैं। वहां उनकी ताकत को स्वीकार करते हुए सीटें बंटनी चाहिए। इस बीच इंडिया गठबंधन की अगली बैठक की जगह व तारीख जल्द तय होगी। बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सीटों के लिहाज से सबसे बड़े राज्य यूपी में इंडिया गठबंधन की बैठक होनी चाहिए। 

रालोद को लेकर अटकलों पर विराम

रालोद के अगले कदम को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी एक तरफ जहां खुद मुंबई में हुई विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में मौजूद रहे, वहीं उनकी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शाहिद सिद्दीकी को गठबंधन की कैम्पेन कमेटी में स्थान दिया गया है। विपक्षी गठबंधन की कवायद के साथ ही यूपी में रालोद को लेकर अटकलों का बाजार भी गरम हो गया था।

डिंपल मुंबई पहुंचीं लेकिन बैठक में शामिल नहीं हुईं

सपा सांसद डिंपल यादव भी मुंबई पहुंची हैं। वह इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हुईं लेकिन बैठक के बाद उनकी कई नेताओं से अनौपचारिक बातचीत हुई। इंडिया गठबंधन की बैठक में अखिलेश यादव के अलावा वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव व किरनमय नंदा शामिल हुए। इसके अलावा रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी और अपना दल कमेरावादी पार्टी की अध्यक्ष कृष्णा पटेल व महासचिव पंकज निरंजन ने भी बैठक में शिरकत की।

सपा समर्थित सांसद कपिल सिब्बल भी पहुंचे थे, हालांकि उनका नाम आमंत्रित सूची में न होने के कारण कांग्रेस ने एतराज किया। बाद में अखिलेश यादव व अन्य नेताओं के समझाने पर बात आगे नहीं बढ़ी। कपिल सिब्बल कांग्रेस छोड़कर सपा के साथ आ गए थे और सपा के समर्थन से ही वह बतौर निर्दलीय राज्यसभा पहुंच सके।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments