[ad_1]
हाइलाइट्स
अचार एक अच्छा फर्मेंटेड फूड है लेकिन इसमें बहुत अधिक मात्रा में नमक यानी सोडियम और तेल का इस्तेमाल किया जाता है.
अगर किसी को अचार बहुत पसंद है तो वह फ्रेश अचार खाएं
Pickles Good or Bad for Diabetes: अचार का नाम सुनते ही मुंह से पानी आने लगता है. अचार खाने के स्वाद को और टेस्टी बना देता है. अचार आम, आंवला, मिर्च, कटहल सहित कई चीजों से बनाया जाता है. कुछ लोग तो हर पकवान के साथ अचार खाते ही है. वैसे अचार में गुड बैक्टीरिया होता है जो आंत के लिए बेहद फायदेमंद है. इसके अलावा अचार में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा बहुत कम होती है, इसलिए इससे ब्लड शुगर बढ़ने का भी झंझट नहीं होता है. पबमेड सेंट्रल में छपी एक रिपोर्ट में रिसर्च के हवाले से बताया गया है कि अचार में विनेगर मिलाया जाता है, इस कारण यह ऑवरऑल ब्लड शुगर को कम करता है. हालांकि सच्चाई यह है कि इतने सारे फायदों के बावजूद डॉक्टर डायबिटीज मरीजों को अचार खाने के लिए मना करते हैं.
अचार आखिर किस तरह डायबिटीज के मरीजों को नुकसान पहुंचाता है, इसके लिए हमने अपोलो अस्पताल बैंगलुरु में चीफ क्लिनिकल डायटीशियन और डायबेटिक एक्सपर्ट डॉ. प्रियंका रोहतगी से बात की. डॉ. प्रियंका ने बताया कि अचार का ज्यादा सेवन ब्लड प्रेशर के मरीजों को तो नुकसान पहुंचाता ही है लेकिन यह डायबिटीज के मरीजों को भी अप्रत्यक्ष रूप से नुकसान पहुंचा सकता है.
इस तरह बढ़ाता है ब्लड शुगर
डॉ. प्रियंका रोहतगी ने बताया कि अचार एक अच्छा फर्मेंटेड फूड है लेकिन इसमें बहुत अधिक मात्रा में नमक यानी सोडियम और तेल का इस्तेमाल किया जाता है. जब हम अचार खाते हैं तो हम अन्य चीजों में नमक खाना छोड़ नहीं देते हैं. इसका मतलब हुआ कि हम कुल नमक बहुत अधिक खा रहे हैं. पहले दफ्तर में हम रोटी, सब्जी के साथ अचार पैक कर लेते थे. तो कभी-कभार उस परिस्थिति में तो यह ठीक है लेकिन आजकल बाहर कई पैकेटबंद चीजों को हम खाते हैं. जैसे चिप्स, पापड़, चटनी, बिस्कुट, भुजिया, पिज्जा, बर्गर, जंक फूड आदि. ऐसे में इन चीजों में बहुत अधिक मात्रा में नमक रहता है. इसका मतलब यह हुआ कि अब हम पहले से कहीं अधिक मात्रा में नमक खाते हैं. इसके अलावा अगर हम रोजाना अचार खाते हैं तो नमक की मात्रा हमारे शरीर में बहुत अधिक हो जाएगी.
ज्यादा नमक खाने से हाई ब्लड प्रेशर होगा लेकिन आमतौर पर लोगों को यह पता नहीं चलता है. ऐसे में अगर बीपी का इलाज न किया जाए तो किडनी और हार्ट दोनों पर बहुत बुरा असर पड़ता है. क्योकि हाई ब्लड प्रेशर को मैंटेन करते-करते मसल्स में स्टीफनेस आने लगती है. इससे हार्ट की क्षमता कमजोर होने लगती है. डॉ. प्रियंका ने कहा है कि जब किसी को डायबिटीज होता है तो उसमें पहले से ही ब्लड प्रेशर और हार्ट से संबंधित बीमारियों का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. एक तरह से वह हाई रिस्क में होता है. ऐसे में अगर डायबिटीज के मरीज लगातार अचार खा रहा है तो उनमें हाई ब्लड प्रेशर के कारण इंसुलिन रेजिस्टेंस होने लगेगा. इस तरह यह डायबिटीज मरीजों पर अप्रत्यक्ष असर डालेगा.
अचार के शौकीन क्या करें
डॉ. प्रियंका ने बताया कि अगर किसी को अचार बहुत पसंद है तो वह फ्रेश अचार खाएं या इसमें अदरक और नींबू को ज्यादा मिला दें. नींबू की मात्रा ज्यादा हो तो यह डायबिटीज मरीजों के लिए ज्यादा नुकसानदेह नहीं होगा. हां, जो लोग बाहरी चीजों को कम खाते हैं, उनके लिए अचार उतना नुकसानदेह नहीं होगा. अचार खाने के साथ अगर सलाद खाते हैं तो यह इसे बैलेंस कर देगा. बेहतर होगा कि कम नमक वाला और फ्रेश अचार सीमित मात्रा में खाएं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Diabetes, Health, Health tips, Lifestyle
FIRST PUBLISHED : April 12, 2023, 06:40 IST
[ad_2]
Source link