PM Modi on Yamuna Flood: दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर के साथ गुरुवार को उसका विकराल रूप दिखा। इसी बीच गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने औपचारिक कार्यक्रमों के बीच फ्रांस से दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना को फोन किया। पीएम मोदी ने फ्रांस से फोन कर दिल्ली में जलभराव व बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार से हर संभव सहायता ले कर दिल्ली के हित में समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पीएम मोदी ने दिल्ली में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की।
दिल्ली में यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। यमुना बैंक के बाद दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इसी बीच बाढ़ के हालात के बीच दिल्ली में राहत की खबर है। यमुना का जलस्तर दिल्ली में घटा है। गुरुवार रात 10 बजे पानी 208.63 मीटर पर पहुंच गया। गुरुवार रात नौ बजे यमुना का जलस्तर 208.65 मीटर था। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के निदेशक शरद चंद्र ने बताया कि शुक्रवार तड़के तीन बजे तक इसके घटकर 208.45 मीटर तक आने की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज पर जल प्रवाह की दर शाम चार बजे गिरकर 80,000 क्यूसेक हो गई।
दिल्ली में बाढ़ से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 16 टीम तैनात
बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 16 टीम को तैनात कर दिया गया है और शुक्रवार सुबह तक हालात सुधरने की उम्मीद है। एनडीआरएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मोहसिन शाहिदी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में तीन-तीन टीम, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में पांच, मध्य क्षेत्र में चार जबकि राष्ट्रीय राजधानी के शाहदरा इलाके में एक टीम तैनात की गई है।
CM अरविंद केजरीवाल ने की अपील
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ को लेकर कहा कि यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। लोगों से अपीली की जा रही है कि वह निचले इलाके को छोड़ दे। राहत बचाव के लिए टीमों की तैनाती की गई है। सभी विधायकों व पार्षदों को जमीन पर उतरने के लिए के लिए कहा गया है। बाढ़ से दिक्कतें बढ़ी है लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही यमुना का जलस्तर बढ़ना बंद होगा लोगों को राहत मिलेगी। बाढ़ को देखते हुए स्कूल व कॉलेज को बंद करने का फैसला किया गया है। दिल्ली के जल शोधन संयंत्र बंद हो गई है इसलिए अगले दो तीन दिन पानी कि किल्लत रह सकती है।
दोपहर 1 बजे से नहीं बढ़ा यमुना का जलस्तर
यमुना के बाढ़ के पानी से जूझ रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। गुरूवार दोपहर 1 बजे से यमुना के जलस्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज नहीं की गई है। दोपहर एक बजे यमुना का अधिकतम जलस्तर 208.62 मीटर दर्ज किया गया है उसके बाद लगातार चार घंटे यानि चार बजे भी यमुना का जलस्तर 208.62 मीटर ही रहा है। उसमें कोई बढ़ोत्तरी दर्ज नहीं किया गया है। केंद्रीय जल आयोग का पूर्वानुमान है कि अब यमुना का पानी स्थिर है। अगर यही स्थिति बरकरार रही तो दिल्ली में 14 जुलाई को तड़के 2 से 4 बजे के बीच यमुना का जलस्तर घटकर 208.45 मीटर तक पहुंच सकता है।
स्कूल, विश्वविद्यालय बंद
यमुना के बढ़े जलस्तर को देखते हुए दिल्ली के सभी सरकारी व निजी स्कूल और कॉलेज को अगले रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। ऑनलाइन क्लास चलाई जा सकती है।
वर्क फ्राम होम की सलाह
जरूरी सेवाओं को छोड़कर सरकारी कार्यालयों को भी रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। निजी कार्यालयों को भी ज्यादा से ज्यादा वर्क फ्राम होम की सलाह।
कश्मीरी गेट बसअड्डा ठप्प
यमुना का पानी रिंग रोड से होते हुए कश्मीरी गेट बसअड्डे में घुसने के बाद। यहां से अंतरराज्जीय बसों का परिचालन बंद कर दिया गया है। यात्रियों भटकते रहे। बसों का परिचालन सिंघु बार्डर से किया जा रहा है।
तीन वाटर जल संयंत्र बंद
यमुना के पानी से जलने वाले दिल्ली जल बोर्ड के तीन जल संयंत्र चंद्रावल, वजीराबाद जल शोधन संयंत्र बंद हो गए है। इससे दिल्ली के 25 फीसदी से अधिक इलाके प्रभावित होंगे।
भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
दिल्ली में यमुना के बढ़े जलस्तर को देखते हुए दिल्ली के बाहर से आने वाले व्यवसायिक वाहनों पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। सिर्फ जरूरी सामानों से जुड़े वाहनों को प्रवेश मिलेगा।
मेट्रो की रफ्तार घटाई गई
यमुना के जलस्तर बढ़ने के बाद यमुना से होकर गुजरने वाली मेट्रो की रफ्तार घटा दी गई है। यमुना पर बने मेट्रो कॉरीडोर के पुल से गुजरते समय अधिकतम रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
रिंग रोड पर यातायात बाधित
बाढ़ का पानी रिंग रोड पर पहुंचने के चलते सोमवार को कई रास्ते बंद करना पड़ा। मजनू का टीला से लेकर आईटीओ तक दोपहर बाद रिंग रोड पर वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया। जिसके चलते पूरी दिल्ली जाम से जूझती रही।