[ad_1]
ईशा बिरोरिया/ ऋषिकेश. उत्तराखंड एक बहुत खूबसूरत पहाड़ी राज्य है. यहां के सुंदर पहाड़, झरने, नदियां और खूबसूरत पर्यटन स्थल प्रदेश की शान हैं. वहीं देहरादून जिले में आने वाला ऋषिकेश भी कुछ कम खूबसूरत नहीं है. देश ही नहीं विदेशों से भी सैलानी यहां की खूबसूरती का दीदार करने आते हैं. वहीं सुंदर पर्यटन स्थलों के साथ-साथ ऋषिकेश के स्वादिष्ट पकवान भी पर्यटकों का दिल जीत लेते हैं. ऋषिकेश में आपको लगभग हर रेस्टोरेंट, दुकान या होटल में गढ़वाली थाली या फिर कोई न कोई गढ़वाली व्यंजन उपलब्ध हो ही जाएंगे, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे रेस्टोरेंट के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आपको एक ही थाल में गढ़वाल के साथ-साथ कुमाऊं के पकवान भी उपलब्ध हो जाएंगे. इस रेस्टोरेंट का नाम है जल एंड जलेबी है जोकि होटल गंगा किनारे का हिस्सा है.
Local 18 के साथ बातचीत में गंगा किनारे होटल के जनरल मैनेजर आशीष गोदियाल ने कहा कि गंगा किनारे होटल को ऋषिकेश में करीब 35 साल हो गए हैं. उनका जल एंड जलेबी रेस्टोरेंट स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों की भी पहली पसंद है. रेस्टोरेंट के कॉरपोरेट शेफ दीपक भट्ट ने कहा कि उन्हें यहां करीब 6 साल हो गए हैं. यहां परोसे जाने वाले सभी व्यंजन लोगों को काफी पसंद आते हैं. हमारी पहाड़ी थाल का कोई जवाब ही नहीं है. इस थाल में आपको गढ़वाली के साथ ही कुमाऊंनी व्यंजन भी मिलते हैं.
एक ही थाल में अनेकों पकवान
शेफ दीपक बताते हैं कि पहाड़ी थाल की शुरुआत चाट से की जाती है, जिसमें यहां के पहाड़ी फल रामफल से इसे बनाया जाता है. उसके बाद अरबी के पत्ते से बनने वाली स्पेशल पहाड़ी डिश पत्युड़ और भंगजीर की चटनी साथ में गहत के दाल का सूप परोसते हैं. वहीं मेन कोर्स में आपको इतने सारे व्यंजन परोसे जाएंगे कि आप भी हैरान रह जाएंगे. इसमें आपको दो तरह की रोटी, एक गहत की दाल की स्टफिंग वाली और दूसरी रागी की रोटी परोसी जाएगी. वहीं साथ में पहाड़ में बनने वाला स्पेशल पापड़, लाल भात, तीन तरह का नमक, घी-गुड़, साग (राई या चौलाई), आलू की सब्जी, पनीर की ग्रेवी, राजमा, खीरे का रायता, मंडझोई, बाल मिठाई और साथ ही बाजरे की खीर परोसी जाएगी. जिसके बाद अंत में एक डाइजेस्टिव चाय दी जाएगी जोकि इन सभी व्यंजनों को डाइजेस्ट करने में असरदार साबित होगी.
कितनी है पहाड़ी थाल की कीमत?
ग्राहक विशाल देवगन ने कहा कि उन्होंने ऋषिकेश में पहली बार पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद लिया और उन्हें ये सभी व्यंजन काफी स्वादिष्ट लगे. पहाड़ी थाल की कीमत की बात करें, तो यह 1500 रुपये की है. ऋषिकेश में वीरभद्र रोड पर गंगा किनारे होटल स्थित है. इनके रेस्टोरेंट जल एंड जलेबी में आकर आप इस पहाड़ी थाल का स्वाद चख सकते हैं.
.
Tags: Food, Local18, Rishikesh, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : December 29, 2023, 11:01 IST
[ad_2]
Source link