[ad_1]
Maharashtra Weather Updates: महाराष्ट्र कई दिनों से भारी बारिश की मार झेल रहा है। इसका असर पढ़ाई पर भी देखने को मिल रहा है। बारिश के चलते एक बार फिर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कल यानी गुरुवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने इसकी घोषणा की। बीएमसी ने कहा कि मुंबई में अत्यधिक भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर मुंबई के सभी स्कूल और कॉलेज गुरुवार को बंद रहेंगे। यह घोषणा भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करने के बाद आई है। इससे पहले मौसम विभाग ने शहर के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया था जिसे बुधवार को रेड अलर्ट में बदल दिया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई में आज रात 8 बजे से गुरुवार दोपहर तक शहर और उपनगरों में अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई थी। इसी को देखते हुए नगर निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का फैसला किया है। बीएमसी ने कहा कि मुंबई शहर और उपनगरों के सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों के साथ-साथ कॉलेज 27 जुलाई, 2023 को बंद रहेंगे। बीएमसी ने निवासियों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण मुंबई और उपनगरों में यातायात धीमा हो गया है, लेकिन लोकल ट्रेन और बेस्ट की बसें कुछ देरी के साथ सामान्य रूप से चल रही हैं।
रायगढ़ में भी रेड अलर्ट
शहर में बुधवार दोपहर 12 बजे से विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। शाम 6 बजे तक, पिछले 10 घंटे के दौरान शहर में 76.45 मिमी औसत वर्षा हुई। जहां मुंबई के पूर्वी उपनगरों में 58.01 मिमी औसत वर्षा हुई, वहीं पश्चिमी उपनगरों में 70.43 मिमी वर्षा हुई। मौसम विभाग द्वारा जारी ‘रेड अलर्ट’ के बीच रायगढ़ जिले के अधिकारियों ने पहले ही जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में गुरुवार तक छुट्टी की घोषणा कर दी थी। पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि जिले में इस मानसून सीजन में अब तक औसत की 64 फीसदी बारिश हुई है।
इन जिलों में बारिश का कहर
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को अगले दो दिनों में महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। केंद्रीय मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने बुधवार को आठ जिलों – मुंबई, रायगढ़, पुणे, रत्नागिरी, सतारा, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग और गढ़चिरौली के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया। आईएमडी ने ठाणे, पालघर, नासिक, यवतमाल और चंद्रपुर के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार के लिए कुल मिलाकर पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट और कम से कम 11 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को किसी भी जिले के लिए कोई रेड अलर्ट नहीं है।
पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई है। महानगरी मुंबई भी बहुत भारी बारिश से प्रभावित हुई है, जिससे बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया, सड़कें ब्लॉक हो गईं और मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सहित यातायात बाधित हो गया। भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र के रायगढ़ में स्कूल और कॉलेज 19 से 24 जुलाई तक बंद रहे।
इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
महाराष्ट्र के अलावा, उत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश हुई है। अपने ताजा मौसम बुलेटिन में, आईएमडी ने बुधवार को कहा कि अगले दो दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मध्य भारत में, गुरुवार, 27 जुलाई तक विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम कार्यालय ने कहा, “26-28 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़ में भी अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।”
[ad_2]
Source link