[ad_1]
हाइलाइट्स
रतनगढ़ थाना इलाके की है वारदात
पति 30 अगस्त को ही गया था विदेश
ससुराल वालों पर लगा हत्या का आरोप
चूरू. चूरू जिले के रतनगढ़ इलाके के गांव मैणासर में पानी के कुंड में एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव पड़े मिले हैं. कुंड में एक साथ चार शव देखकर गांव में सनसनी फैल गई. महिला के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर चारों की हत्या कर शव कुंड में डालने का आरोप लगाया है. पुलिस ने महिला के पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है. चारों शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर उनको उनके परिजनों को सौंप दिया गया है.
पुलिस के अनुसार अनुसार मैणासर गांव की मंजू मेघवाल (32), उसकी बेटी आरती (10), सुलोचना (7) और बेटे विकास (4) के शव रविवार को खेत में बने कुंड में पड़े मिले. कुंड में चार शव तैरते मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इस पर पुलिस उपाधीक्षक सतपालसिंह और रतनगढ़ थानाप्रभारी सुभाष बिजारणियां पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे.
12 साल पहले हुई थी महिला की शादी
उन्होंने घटना की जानकारी ली और बाद में शवों को कुंड से बाहर निकालकर उनको स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने बताया कि 30 अगस्त को ही मंजू का पति पेमाराम मेघवाल विदेश गया था. इस मामले में मृतका के भाई श्यामलाल मेघवाल ने हत्या का आरोप लगाते हुए रतनगढ़ पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है. मृतका के भाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि उसकी बहन की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी.
ससुराल वालों पर लगा महिला को प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के भाई ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मंजू को उसका पति, सास-ससुर और ननद प्रताड़ित करते थे. इस बारे में उनसे कई बार समझाइश भी की गई लेकिन वे नहीं माने. उसने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने चारों की हत्या कर शवों को कुंड में डाल दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल में जुटी है. मृतका के ससुराल पक्ष वालों से पूछताछ की जा रही है. हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है.
.
Tags: Churu news, Crime News, Murder case, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : September 04, 2023, 15:11 IST
[ad_2]
Source link