ऐप पर पढ़ें
भाजपा की महाराष्ट्र यूनिट की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का पुराना वीडियो पोस्ट करने को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं कि कहीं यह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदो को साइड लाइन करने का संदेश तो नहीं है। हालांकि, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने दावा किया कि वीडियो एक उत्साही पार्टी कार्यकर्ता ने पोस्ट किया था और उसका गलत मतलब नहीं निकाला चाना चाहिए। बावनकुले ने कहा कि आगामी चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वह लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की तैयारी के हिस्से के तहत पालघर जिले के दौरे पर थे।
बीजेपी की महाराष्ट्र यूनिट ने शुक्रवार को फडणवीस का 4 वर्ष पुराना वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्हें यह कहते देखा जा सकता है कि वह राज्य का नेतृत्व करने के लिए फिर से लौटेंगे। पार्टी की राज्य इकाई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस वीडियो साझा करते हुए लिखा था, ‘मैं नए महाराष्ट्र के निर्माण के लिए फिर से लौटूंगा।’ हालांकि, यह पोस्ट 2 घंटे बाद ही हटा दिया गया। बावनकुले ने कहा, ‘किसी उत्साही पार्टी कार्यकर्ता ने महा जनादेश यात्रा का एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें फडणवीस ने कहा था कि वह (राज्य की सत्ता संभालने के लिए) लौटेंगे, इसलिए इस पर कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए।’
शिंदे के नेतृत्व में लड़ेंगे लोकसभा चुनाव: महाराष्ट्र बीजेपी चीफ
महाराष्ट्र बीजेपी चीफ ने कहा, ‘शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे। साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व और देवेंद्र फडणवीस ने यही बात कही है।’ वर्ष 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा था ‘मी पुन्हा येइन’ (मैं वापस आऊंगा)। इस टिप्पणी पर कई सोशल मीडिया मीम भी बने थे। अयोध्या में राम मंदिर के बारे में उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र से 10,000 लोगों को भगवान राम के दर्शन के लिए वहां ले जाने की भाजपा की योजना है। इस बीच, दोबारा उस वीडियो के सामने आने से लोगों में एक तरह का भ्रम पैदा हो गया। सवाल उठने लगा कि क्या फडणवीस सीएम पद को लेकर ताल ठोंकने तो नहीं जा रहे?
सीएम एकनाथ शिंदे बोले- मैंने वीडियो ही नहीं देखा
वीडियो को लेकर डिप्टी सीएम फडणवीस की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का रुख एकदम साफ है। फडणवीस ने कहा, ‘हम आने वाला विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ने वाले हैं।’ वहीं, शिंदे से जब इस बारे में पूछा गया तो सीएम ने कहा कि उन्होंने अभी तक वीडियो नहीं देखा है। बीजेपी नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि फडणवीस पहले ही कह चुके हैं कि राज्य सरकार शिंदे के नेतृत्व में अच्छा काम कर रही है। हालांकि, कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने इस पर सवाल उठाए। उन्होंने हैरानी जताई कि क्या शिंदे को सीएम पद से हटाने के लिए कोई कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शायद सीएम शिंदे को बलि का बकरा बनाया जा रहा है।