[ad_1]
हाइलाइट्स
मोहनपुर ओपी के थानाध्यक्ष को छापेमारी के दौरान अपराधियों ने मारी गोली.
थानाध्यक्ष नंदकिशोर प्रसाद यादव गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराए गए.
अपराधियों से मिले इनपुट पर छापामारी के लिए गई थी पुलिस, एक गिरफ्तार.
समस्तीपुर. बड़ी खबर समस्तीपुर से जहां बेखौफ अपराधियों ने मोहनपुर ओपी के थानाध्यक्ष नंदकिशोर प्रसाद यादव को छापेमारी के दौरान गोली मारकर जख्मी कर दिया. गंभीर हालत में उनको बेगूसराय के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. थानाध्यक्ष को गोली लगने की खबर से पूरे पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के द्वारा छापेमारी की जा रही है. घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के न्यू बायपास रोड सलखनी की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक, मोहनपुर ओपी की पुलिस टीम चोरी एवं लूट के मामले में मिले इनपुट के आधार पर छापेमारी करने के लिए दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में गई हुई थी. इसी दौरान अपराधियों के द्वारा गोलीबारी की गई जिसमें थानाध्यक्ष के आंख के पास गोली लगी. हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान एक अपराधी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
घटना के संदर्भ में समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि मोहनपुर ओपी क्षेत्र में पिछले दिनों भैंस चोरी की घटना हुई थी, जिसमें नालंदा जिला के गिरोह की संलिप्तता सामने आई. इस घटना को अंजाम देने वालों अपराधियों में तीन को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया था. उसी के पूछताछ के आधार पर जो इनपुट प्राप्त हुआ था उसके आधार पर छापेमारी करने के लिए पुलिस की टीम गई हुई थी. इसी क्रम में अपराधियों के द्वारा गोली चला दी गई.
पुलिस अधीक्षक ने इस घटना को काफी दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि थाना अध्यक्ष का बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है. इस छापेमारी के दौरान एक अपराधी की गिरफ्तारी हुई है, जिससे पूछताछ की जा रही है. अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम लगातार छापामारी कर रही है.
.
Tags: Bihar crime news, Crime In Bihar, Samastipur news
FIRST PUBLISHED : August 15, 2023, 08:12 IST
[ad_2]
Source link