ऐप पर पढ़ें
UP Police Constable Bharti 2023: उत्तर प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल बनने के लिए तैयारी में लगे लाखों उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। हाल में जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 52699 पुलिस कांस्टेबल भर्ती अक्टूबर 2023 में शुरू होने के संकेत दिए गए हैं। ऐसे में उम्मीद है कि अक्टूबर 2023 के अंत तक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ की ओर से भर्ती नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाए। 29 सितंबर 2023 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों में चल रही भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए थे। इसके साथ ही यूपीपीबीपीबी की वेबसाइट पर कांस्टेबल फिजिकल टेस्ट को लेकर नोटिस जारी किया था। यूपी पुलिस के नोटिस के अनुसार, उप निरीक्षक के 2469 , जेल वार्डर के 2833 और कॉन्स्टेबल के 52699 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। यूपी पुलिस की इस भर्ती में करीब 25 लाख आवेदन आ सकते हैं।
इस भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा में 20 हजार से दो लाख तक अभ्यर्थी भाग लेंगे। फिजिकल टेस्ट वाराणसी, आगरा, मेरठ, प्रयागराज, बरेली, गोरखपुर, लखनऊ और कानपुर में होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया था कि पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर जारी चयन की प्रक्रिया आगामी दिसंबर 2023 माह तक पूरी कर लें। उत्तर प्रदेश पुलिस एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। यूपीपी कांस्टेबल भर्ती में 12वीं पास ऐसे अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जिनकी उम्र 18 से 22 साल हो। हालांकि भर्ती नोटिफिकेशन में आवेदन योग्यता व आयु सीमा की अपडेटेड जानकरी दी जाएगी।
67000 पदों पर भर्ती में ओटीआर के लिए टेंडर जारी:
यूपी पुलिस में कांस्टेबल व एसआई के 67000 पदों पर शुरू होने को प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया के लिए भर्ती बोर्ड ने सक्षम एजेंसी ने ओटीआर (One-Time-Registraion) डिजाइन व इम्प्लीमेंटेशन के लिए के लिए निविदा आमंत्रित की है। उम्मीद है कि सक्षम एजेंसी के चयन के बाद यूपी पुलिस भर्ती 2023 जल्द ही शुरू कर दी जाएगी।