[ad_1]
नई दिल्ली. पाकिस्तान की एक महिला पबजी गेम खेलते-खेलते भारत के एक युवक को दिल दे बैठी, और भारत आ गई. इस रोचक लव स्टोरी के बीच वह फिलहाल जेल में बंद है. अब उसका पति भी उस महिला को वापस पाने को लेकर परेशान दिख रहा है. उसका कहना है कि वह अपनी पत्नी को तलाक नहीं देगा. पति ने कहा कि वह उससे प्यार करता है. वह पबजी में बहक गई है. उसके लौटने का इंतजार है.
गौरतलब है कि महिला सीमा गुलाम हैदर पाकिस्तान से आने के बाद गौमतबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रही थी. उसे चार बच्चों के साथ पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया. वह अपने पबजी गेम के दौरान संपर्क में आए प्रेमी सचिन के साथ रह रही थी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला का पति गुलाम हैदर जखरानी बीते 3 साल से सऊदी अरब में रह रहा है.
गुलाम हैदर ने सीमा से की थी लव मैरिज
पति के मुताबिक सीमा ने उसके साथ लव मैरिज की थी. बीबीसी उर्दू से बात करते हुए हैदर जखरानी ने बताया कि पाकिस्तान में 9 मई की घटना के बाद जब इंटरनेट बंद कर दिया गया था तब उनका अपनी पत्नी से फोन पर संपर्क टूट गया था. इसके बाद उन्होंने अपने साले को जानकारी दी. उनका साला सीमा के घर पहुंचा तो मकान मालिक से पता चला कि वे (सीमा रिंद) यह कह कर चली गई हैं कि अपने गांव में घर खरीदने जा रही हैं. इसके बाद वह नहीं लौटी.
पत्नी घर बेचकर चली गई
सीमा के पति के मुताबिक उनकी पत्नी ने घर बेच दिया और इसके बाद सभी जूलरी और बच्चों को ले गईं. रिपोर्ट के मुताबिक, हैदर को अपने जानने वालों से पता चला कि उनकी पत्नी दुबई चली गई हैं. फिर वहां से नेपाल चली गईं. बाद में सोशल मीडिया से जानकारी मिली कि वे भारत की जेल में बंद हैं. गुलाम हैदर ने सीमा से वापस आने की गुजारिश की है.
पति ने कहा पत्नी बहक गई थी, तलाक नहीं दे सकता
पति ने कहा कि उनकी पत्नी पबजी गेम से बहक गई थीं और उन्हें उनके बच्चों के साथ वापस लाना चाहिए. वहीं, सीमा की ओर से ये कहा गया है कि उन्होंने अपने पति को तलाक दे दिया, लेकिन गुलाम हैदर ने इससे इनकार किया है. उन्होंने कहा है कि उन्होंने तलाक नहीं दी और वे सीमा को प्यार करते हैं. गुलाम हैदर ने यह भी बताया कि उन्होंने सऊदी अरब में मजदूरी के रूप में कड़ी मेहनत की और अपना घर बनाने के लिए घर पैसे भेजे. घर का नाम पत्नी के नाम पर रखा.
डेढ़ माह से नोएडा में रह रही थी पाकिस्तानी महिला
वहीं, नोएडा पुलिस ने बताया कि उसने महिला और उसके बच्चों को हरियाणा के पलवल से पकड़ा है. फिहलहाल महिला से नोएडा पुलिस और खुफिया एजेंसी पूछताछ कर रही हैं. अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा क्षेत्र में स्थित एक परचून की दुकान पर नौकरी करने वाले सचिन की पबजी गेम के माध्यम से पाकिस्तान के कराची की रहने वाली सीमा गुलाम हैदर से दोस्ती हो गई थी. उन्होंने कहा कि महिला नेपाल के रास्ते चार बच्चों के साथ भारत आई. वह प्रेमी सचिन के साथ लगभग डेढ़ माह से ग्रेटर नोएडा में रह रही थी.
.
Tags: Pakistan news, PUBG game, UP news, World news
FIRST PUBLISHED : July 07, 2023, 05:00 IST
[ad_2]
Source link