IMD Cold Wave Alert: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से देश के मैदानी इलाके भीषण शीत लहर की चपेट में आने वाले हैं। नल साल के दिन देश की राजधानी दिल्ली सहित कई इलाकों में कोहरे और कंपकपाती ठंड से लोगों को जूझना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 जनवरी से कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक चल सकता है।
ताजा अपडेट्स के मुताबिक, हरियाणा एवं पंजाब में कड़ाके की ठंड जारी है और कई इलाकों में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में कोहरा भी छाया रहा, जिससे सुबह दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा और वहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं पंजाब के रूपनगर में 4.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि न्यूनतम तापमान हरियाणा के करनाल में 6.2 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 6.4 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 8.6 डिग्री सेल्सियस, सिरसा में 8.2 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसने कहा कि पंजाब के अमृतसर में 7.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 8.4 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 8.1 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में छह डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में भीषण ठंड के बीच होगा नए साल का स्वागत
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर दिल्ली के अधिकतर हिस्सों को शीत लहर और भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा, जबकि जनवरी की शुरुआत में राष्ट्रीय राजधानी में सर्दी का सितम और बढ़ने के आसार हैं। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत अभी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में है और खाड़ी क्षेत्र से बहने वाली गर्म नम हवाओं के कारण यहां के लोगों को ठंड से हल्की राहत मिली है। हालांकि, 31 दिसंबर से राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट शुरू होने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी शनिवार को न्यूनतम तापमान घटकर छह डिग्री सेल्सियस हो जाएगा, जबकि सोमवार (दो जनवरी) को पारा चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार हैं।
राजस्थान में ठंड से मिली थोड़ी राहत
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बृहस्पतिवार को राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और बीते चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर और आसपास के जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाए हुए हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते चौबीस घंटे में अलवर में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री, भीलवाड़ा में 6.2 डिग्री, चूरू में 7.1 डिग्री और धौलपुर में 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं, जबकि बाकी जगहों पर अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 31 दिसंबर से राजस्थान में तापमान में एक बार फिर गिरावट देखने को मिलेगी, जबकि राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से घने कोहरे की चादर में लिपट जाएंगे।