
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र से पहले मिशन शक्ति के चौथे चरण का आगाज करते हुए नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का ही परिणाम है कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में महिला संबंधी अपराधों में काफी गिरावट आई है। साथ ही ऐसे अपराधियों को सर्वाधिक सजा दिलाने वाला राज्य भी उत्तर प्रदेश बन गया है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को पहले अपने सरकारी आवास से महिला सशक्तिकरण रैली का शुभारंभ किया। उसके बाद लोकभवन में उन्होंने तीनों देवियों के प्रतीक के रूप में नविशिष्ट अतिथियों पद्मश्री हेमा प्रभा सोतिया, इसरो वैज्ञानिक ऋतु करिधल श्रीवास्तव और एचसीएल की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सब कुछ हो सकता है, बस एक सतत प्रयास की आवश्यकता है।
मिशन शक्ति से महिला संबंधी अपराधों में आई काफी गिरावट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ की बेटी इसरो वैज्ञानिक करिधल श्रीवास्तव का कार्यक्रम में उपस्थित रहना बेटियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनकी सफलता यह बताती है कि कुछ भी असंभव नहीं है। केवल प्रयास की आवश्यकता है, इसके बाद सफलता आपके पीछे-पीछे घूमती है। सीएम ने कहा कि पद्मश्री हेमा प्रभा सोफिया ने अपना उद्बोधन भले ही असमिया में दिया हो, लेकिन उनके सारे भाव हर व्यक्ति समझ रहा था। हमारी संवेदनाओं को व्यक्त करने में भाषा बाधक नहीं हो सकती है। उन्होंने हाथ की कारीगरी के माध्यम से अपने हुनर को एक मंच दिया, जो सशक्तिकरण के एक मॉडल को प्रस्तुत करता है। एचसीएल की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने सामाजिक कार्यों संग अपने सामर्थ्य से उद्योग को नई ऊचाईयां देकर एक नई कहानी लिखी है। उनकी यह सफलता दर्शाता है कि हर क्षेत्र में संभावनाएं हैं, केवल उन संभावनाओं को समय से चुनने और फिर उस पर सरपट दौड़ने की आवश्यकता है।
2020 में शुरू हुआ मिशन शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2020 में नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति की शुरुआत की थी, लेकिन इससे पहले ही उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों की 20 प्रतिशत भर्ती को सुनिश्चित किया गया था। वर्ष 1947 से लेकर के 2017 तक यूपी पुलिस में महिला कार्मिक दस हजार के आसपास थी, लेकिन यह संख्या आज बढ़कर 40 हजार हो गयी है।
दीपावली से पहले मिलेगा फ्री सिलेंडर
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में एक करोड़ 75 लाख परिवार को फ्री में उज्ज्वला रसोई गैस के कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। इन सभी को जल्द से जल्द आधार से लिंक किया जा रहा है, ताकि दीपावली से पहले उन्हें फ्री में सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके। इतना ही नहीं प्रदेश में 55 लाख से अधिक परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के माध्यम से 66 लाख परिवारों को मलिकाना अधिकार दिलवाया गया है। इन सभी योजनाओं में अधिकतर महिला लाभार्थी शामिल हैं।
राशन की दुकानों पर विवाद खत्म
पहले सरकारी राशन की दुकान में अक्सर विवाद होता था। जब से महिला स्वयं सहायता समूह को इसकी जिम्मेदारी दी गयी है सारे विवाद खत्म हो गये हैं। पहले बाल विकास विभाग की ओर से दिये जाने वाले पोषाहार को लेकर शिकायतों आती थीं जब से महिला स्वयं सहायता समूह ने इसका संचालन शुरू किया है तब से टेक होम राशन की सुविधा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज सिंह, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी विजय कुमार, डीजी ट्रेनिंग रेणुका मिश्रा, मंडलायुक्त रौशन जैकब, बाल एवं महिला सुरक्षा संगठन की एडीजी पद्मजा चौधरी, बाल एवं महिला सुरक्षा संगठन की एसपी रवीना त्यागी, पुलिस टेलीकॉम डीआईजी सुनीता शर्मा मौजूद रहीं।