ऐप पर पढ़ें
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के क्लासिफिकेशन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से रौंदकर टूर्नामेंट का जीत के साथ समापन किया है। भारत इस बार ट्रॉफी नहीं जीत सका, लेकिन पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। भारतीय हॉकी टीम को सिर्फ एक हार मिली, जबकि एक ड्रॉ को छोड़कर भारत ने अपने सभी मैच जीते। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से हराकर हॉकी विश्व कप 2023 में नौवां स्थान हासिल किया।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले की क्वार्टर में दो गोल करके भारत ने बढ़त हासिल कर ली थी। अभिषेक ने चौथे मिनट और हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में शमशेर सिंह ने गोल किया, जबकि चौथे क्वार्टर में भारत के लिए आकाशदीप सिंह ने गोल मारा। आखिरी क्वार्टर में अफ्रीका ने अपना खाता खोला। टीम के लिए सैमकेलो ने गोल दागा। मुसतपा ने 59वें मिनट में अफ्रीका का दूसरा गोल किया।
इससे पहले भारत ने हॉकी विश्व कप के औपचारिक क्वासीफिकेशन मैच में गुरुवार को जापान को 8-0 से हराया था। भारत एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप में रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रॉसओवर मैच के पेनल्टी शूटआउट में 4-5 से हारकर खिताब की दौड़ से बाहर हो गया था। नियमित समय में यह मुकाबला 3-3 की बराबरी पर छूटा था। अपने अभियान के सकारात्मक समापन के साथ भारत ने विश्व कप में नौवां स्थान पक्का कर लिया।