ऐप पर पढ़ें
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को राष्ट्रीय महासचिवों के साथ एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनावों और आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। ध्यान रहे कि त्रिपुरा में मतदान हो चुका है, जबकि मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के तहत सोमवार को मतदान होना है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने देश भर में 10 लाख बूथों को मजबूत करने की योजना बनाई है। बैठक के दौरान इस पर विस्तार से चर्चा हुई। बूथ मैनेजमेंट को लेकर पार्टी आलाकमान की ओर से नेताओं को खास हिदायतें दी गईं।
बैठक के बारे में पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इसमें लोकसभा प्रवास कार्यक्रम की समीक्षा की गई और चुनावी राज्यों के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान यह भी तय हुआ कि मार्च के दूसरे सप्ताह में 2 लाख शक्ति केंद्रों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बजट पूर्व भाषण सुनाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों और जी-20 की बैठकों के बारे में भाजपा की ओर से तय किए गए कार्यक्रमों की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
जी-20 बैठक को जनता से जोड़ने पर चर्चा
जनवरी में दिल्ली में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने कहा था कि देश में होने वाली जी-20 की बैठक केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की आम जनता से जुड़ा हुआ कार्यक्रम है। पार्टी ने कहा था कि उसके करोड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से मिलकर काम करेंगे। कार्यसमिति की इसी बैठक में साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाए जाने का फैसला लिया था।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल के कयास
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कार्यकाल विस्तार मिलने के बाद आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नड्डा अपनी टीम को आकार देने के लिए इसका पुनर्गठन कर सकते हैं। मालूम हो कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में भी फेरबदल को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि जल्द ही यह कवायद की जा सकती है, क्योंकि अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी विधानसभा चुनाव होने हैं।
बैठक में ये सीनियर नेता हुए शामिल
मालूम हो कि बैठक में पार्टी महासचिव अरुण सिंह, दुष्यंत कुमार गौतम, डी पुरंदेश्वरी, सी टी रवि, तरुण चुग, दिलीप सैकिया, विनोद तावड़े, सुनील बंसल और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने हिस्सा लिया। नड्डा के कार्यालय की ओर से एक ट्वीट में कहा गया, ‘आज नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक की व उनका मार्गदर्शन किया।’