
ऐप पर पढ़ें
Dowry Case: यूपी के मैनपुरी में एक दूल्हा 18 लाख रुपए का दहेज तय होने के बाद भी खुश नहीं था। शादी के ऐन पहले उसने ब्रेजा कार की डिमांड रख दी। डिमांड पूरी न हुई तो उसने शादी तोड़ दी। तंग आकर दुल्हन के परिवार ने किशनी थाने में दूल्हे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी के ही किशनी के रहने वाले राकेश तिवारी की बेटी की शादी मैनपुरी के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी विवेक त्रिपाठी के बेटे पवितेद्र त्रिपाठी के साथ 11 मई 2022 को तय हुई थी। शादी तय होने के बाद गोद भराई की रस्म किशनी में कराई गई। जहां दूल्हा पक्ष को तीन लाख रुपये नकद, सोने चांदी के जेवर और कपड़े दिए गए। शादी की तारीख 13 दिसंबर 2022 तय हुई। इस दौरान राकेश ने बेटी की शादी के लिए मैनपुरी शहर में एक मैरिज होम भी बुक कर दिया। लड़की के पिता का आरोप है कि अब विवेक शादी करने से पहले कार की डिमांड कर रहा है।
पिता ने कहा, कार देने की स्थिति नहीं
पीड़ित पिता का कहना है कि 18 लाख में शादी तय की गई थी। कार की अतिरिक्त डिमांड की जा रही है। यह डिमांड पूरी करने में वह समर्थ नहीं है। उसके बेटे की पीलिया से दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पूरा परिवार बेटी की मौत से पहले ही दुखी था। अब बेटी की शादी भी लटक गई है।
दुल्हन के भाई, दूल्हे के माता-पिता की हुई मौत
किशनी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। इस पूरे घटनाक्रम में खास बात ये है कि शादी तय होने के बाद युवती के भाई आशीष की पीलिया से ग्रसित होने पर मौत हो गई। वहीं युवक के माता-पिता का भी देहांत हो गया।