ऐप पर पढ़ें
SpaceX Crew-6 Mission Splashes Down: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA का स्पेसएक्स क्रू-6 अपने चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर छह महीने बाद धरती पर उतर आया है। देर रात करीब 12.05 से 12.17 के बीच (स्थानीय समयानुसार) अंतरिक्ष यात्रियों का दल अटलांटिक महासागर में फ्लोरिडा के जैक्सनविले तट के पास उतरा। इसके बाद वहां तैनात दल ने उनका रेस्क्यू किया। इसके साथ ही नासा का स्पेसएक्स क्रू-6 मिशन सोमवार तड़के पूरा हो गया।
जब यह क्रू अंतरिक्ष से पृथ्वी की कक्षा में लौट रहा था और जब आसमान से तेजी से उत्तरी अटलांटिक महासागर में फ्लोरिडा के उत्तर-पूर्व में उतर रहा था, तब आधी रात भयंकर गड़गड़ाहट की आवाज से पूरा आसमान गूंज उठा। इससे लोग सहम उठे। दक्षिण-पूर्व संयुक्त राज्य अमेरिका में कई लोगों ने अंतरिक्ष यात्रियों के धरती पर उतरने का यह नजारा लाइव देखा।
अंतरिक्ष यात्रियों की सफल लैंडिंग के बाद नासा ने एक विज्ञप्ति में कहा, “सोमवार सुबह फ्लोरिडा के जैक्सनविले तट पर अंतरिक्ष यान स्पेसएक्स ड्रैगन की सफल लैंडिंग के बाद, नासा के स्पेसएक्स क्रू -6 ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए एजेंसी के छठे वाणिज्यिक क्रू रोटेशन मिशन को पूरा कर लिया है। चार लोगों के अंतर्राष्ट्रीय दल ने कक्षा में 186 दिन बिताए हैं।”
इस दल में नासा के अंतरिक्ष यात्री स्टीफन बोवेन और वुडी होबर्ग के साथ संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अंतरिक्ष यात्री सुल्तान अलनेदी और रूसी रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री एंड्री फेडयेव भी शामिल थे। नासा ने कहा है कि स्पेसएक्स 12:17 बजे EDT पृथ्वी पर लौट आया। इस दल ह्यूस्टन में नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर लाया जाएगा।
नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर छह महीने बिताने, अपने मिशन के दौरान लगभग 79 मिलियन मील की दूरी तय करने और पूरी मानवता के लाभ के लिए सैकड़ों वैज्ञानिक प्रयोगों को पूरा करने के बाद, नासा का स्पेसएक्स क्रू-6 पृथ्वी ग्रह पर लौट आया है। इस अंतर्राष्ट्रीय दल ने तीन देशों का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन साथ में उन्होंने नए ब्रह्मांडीय तटों तक पहुंचने के लिए मानवता की साझा महत्वाकांक्षा का प्रदर्शन किया है।”
नेल्सन ने कहा, क्रू-6 का योगदान नासा को आर्टेमिस के तहत चंद्रमा पर लौटने, मंगल ग्रह पर आगे बढ़ने और पृथ्वी पर जीवन को बेहतर बनाने के लिए तैयार करने में मदद करेगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि स्टीफन बोवेन, वुडी होबर्ग, सुल्तान अलनेयादी और एंड्री फेडयेव ने अपने मिशन के दौरान 78,875,292 मील की यात्रा की है और अंतरिक्ष स्टेशन पर 184 दिन बिताए है। इस दल ने पृथ्वी के चारों ओर 2,976 परिक्रमाएँ पूरी कीं। क्रू-6 मिशन के सदस्य होबर्ग, अलनेयाडी और फेडयेव के लिए पहली अंतरिक्ष उड़ान थी, जबकि स्टीफन बोवेन ने अलग-अलग चार उड़ानों में अब तक कुल 227 दिन अंतरिक्ष में बिताए हैं।
नासा के मुताबिक, छह महीने के पूरे मिशन के दौरान क्रू-6 सदस्यों ने विज्ञान, रखरखाव गतिविधियों और प्रौद्योगिकी प्रदर्शनों में कई प्रयोग किए। क्रू के कमांडर बोवेन ने तीन स्पेसवॉक किये,जबकि होबर्ग ने दो और अलनेदी एक स्पेसवॉक में शामिल हुए। इसके अलावा क्रू मेंबर्स ने अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए दो नए IROSAs (इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन रोल-आउट सोलर एरेज़) स्थापित किए हैं।