[ad_1]
दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दंतेवाड़ा (Dantewada) जिले में बारूदी सुरंग विस्फोट में सुरक्षाबल के 10 जवानों समेत 11 लोगों की मृत्यु का प्रत्यक्षदर्शी एक ड्राइवर घटना के बाद से विचलित है. उसे यकीन नहीं हो रहा है कि वह जीवित बचकर आ गया है. बुधवार को अरनपुर से जिला मुख्यालय लौटने के दौरान सुरक्षाबलों के काफिले के एक अन्य वाहन के चालक ने बताया कि जब गुटखा चबाने के लिए उसने अपने वाहन को धीरे किया तो पीछे चल रहे अन्य वाहन ने उन्हें ओवरटेक किया. कुछ दूरी पर ही गाड़ी विस्फोट की चपेट में आ गई. इस घटना में वाहन परखच्चे उड़ गए.
वाहन चालक ने बताया कि घटना के बाद उसके वाहन में सवार 7 सुरक्षाकर्मी नीचे कूदे और सड़क के किनारे पोजीशन लेकर जंगल की ओर गोलीबारी शुरू कर दी. नाम नहीं छापने की शर्त पर ड्राइवर ने बताया, ‘मेरा वाहन काफिले में दूसरे स्थान पर था. वाहन में 7 सुरक्षाकर्मी यात्रा कर रहे थे. गुटखा चबाने के लिए जब मैने अपना वाहन धीमा किया तब हम जिस जगह धमाका हुआ उससे लगभग 200 मीटर पहले थे. इस बीच हमारे पीछे वाली गाड़ी ने हमें ओवरटेक किया और कुछ दूर जाने पर अचानक एक धमाका हुआ. मुझे लगता है कि निशाने पर हमारी गाड़ी थी, लेकिन भगवान ने हमें बचा लिया.’
ये भी पढ़ें: क्या कांग्रेस विधायक के काफिले पर हमले में हुई चूक का नतीजा है दंतेवाड़ा नक्सली अटैक?
ड्राइवर ने बताया कैसे हुआ था हमला
ड्राइवर ने बताया, ‘इससे पहले कि धूल और धुएं का बादल छंटता, मेरे वाहन में सवार सभी सुरक्षाकर्मी और मैं वाहन से बाहर कूद गए. सुरक्षाबल के जवानों ने सड़क किनारे पोजीशन ले ली और नक्सलियों को घेरने के लिए चिल्लाने लगे तथा अंधाधुंध फायरिंग करने लगे. वाहन को मेरे सामने उड़ाया गया था. मैंने सड़क पर शवों और वाहन के टुकड़े में बिखरे हुए देखे. मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था. मैं छिपने के लिए रेंगता हुआ अपने वाहन के नीचे चला गया. गोलीबारी करीब 15 मिनट तक जारी रही, लेकिन जंगल में किसी संदिग्ध को नहीं देखा
उसने बताया, ‘सुरक्षाकर्मियों ने मुझे अरनपुर लौटने के लिए कहा, जिसके बाद मैं हमले की जगह से लगभग एक किलोमीटर दूर पुलिस थाना वापस चला गया. वापस लौटते समय मैंने पीछे आ रहे पुलिसकर्मियों के दो वाहनों को घटना की जानकारी दी. हालांकि तब तक उन्हें आभास हो गया था कि कुछ हुआ है, क्योंकि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि इसे दूर से भी सुना जा सकता था.’
वाहन चालक ने बताया, ”मैंने देखा कि डीआरजी और सीआरपीएफ के अन्य जवान पैदल ही घटनास्थल की ओर बढ़ने लगे. प्रत्यक्षदर्शी युवक कहता है कि वह इस घटना से बाल—बाल बचा है और इस घटना को वह जीवन भर नहीं भूलेगा. वाहन चालक ने बताया कि वह विस्फोट में मृत वाहन चालक धनीराम यादव से परिचित था. उसके लिए उसके आंसू नहीं रुक रहे हैं.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद सोशल मीडिया में मोबाइल फोन से लिया गया एक वीडियो भी वायरल हुआ है. इसे विस्फोट के बाद लिया हुआ वीडियो बताया जा रहा है. वीडियो में घटनास्थल में एक व्यक्ति सड़क पर है और कुछ लोग उसे आवाज दे रहे हैं. वहीं दूसरे वीडियो में विस्फोट के बाद सड़क का चित्र है तथा एक व्यक्ति की आवाज है जो बदहवासी में ‘‘उड़ गया भैया, पूरा उड़ गया’’ कह रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chhattisgarh news, Dantewada news, Naxal attack
FIRST PUBLISHED : April 27, 2023, 21:36 IST
[ad_2]
Source link