[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
मौजूदा अंडर 20 विश्व चैंपिन अंतिम पंघाल ने बुधवार को विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के लिए चयन ट्रायल से छूट दिये जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ वह ही नहीं, बल्कि कई अन्य भारतीय पहलवान 53 किलो वर्ग में विनेश को हराने में सक्षम हैं। विनेश (53 किलो) और बजरंग पूनिया (65 किलो) को भारतीय ओलंपिक संघ की तदर्थ समिति ने मंगलवार को एशियन गेम्स में सीधे प्रवेश देने का फैसला किया, जबकि बाकी पहलवानों को 22 और 23 जुलाई को ट्रायल से गुजरना होगा।
हिसार की रहने वाली 19 वर्ष की पंघाल भी 53 किलो में उतरती हैं। उन्होंने पूछा कि इतने समय से अभ्यास नहीं करने के बावजूद विनेश का चयन कैसे हुआ। सीनियर एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता पंघाल ने एक वीडियो में कहा, ”विनेश फोगाट को एशियाई खेलों में सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि उसने पिछले एक साल से अभ्यास भी नहीं किया। पिछले एक साल में उसकी कोई उपलब्धि नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, ”पिछले साल जूनियर विश्व चैंपियनशिप में मैंने स्वर्ण पदक जीता था और यह करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी। एशियाई चैम्पियनशिप 2023 में मैंने रजत पदक जीता, जबकि विनेश ने कुछ नहीं किया। वह चोटिल भी थी।” पंघाल ने कहा, ”साक्षी मलिक ने ओलंपिक पदक जीता है, लेकिन उन्हें भी नहीं भेजा जा रहा। विनेश में ऐसा क्या खास है जो उसे सीधे भेजा जा रहा है। ट्रायल कराइये। सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि ऐसी कई लड़कियां हैं जो विनेश को हरा सकती हैं।”
अहमदाबाद लगा सकता है 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए बोली, विक्टोरिया ने खींचे हाथ
विनेश को पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने के कारण एशियाई खेलों में सीधे भेजा जा रहा है। वह इस समय हंगरी के बुडापेस्ट में अभ्यास कर रही हैं। पंघाल ने कहा कि बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी उसके साथ नाइंसाफी हुई थी। उन्होंने कहा, ”राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल में उसके खिलाफ मुकाबले में अधिकारियों ने धोखेबाजी की। मैंने कहा कि कोई नहीं। मैं एशियाई खेलों के जरिये पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश करूंगी, लेकिन अब वे विनेश को भेज रहे हैं।”
पंघाल ने कहा, ”वे यह भी कह रहे हैं कि एशियाई खेलों में जाने वाले ही विश्व चैंपियनशिप में जायेंगे। विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले ओलंपिक जायेंगे। हम इतने साल से मेहनत कर रहे हैं तो हमारा क्या? क्या हमें कुश्ती छोड़ देनी चाहिये। हमें बताइये कि उसे किस आधार पर भेजा जा रहा है।”
[ad_2]
Source link