
ऐप पर पढ़ें
Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह और उनके भव्य मंदिर के शुभारम्भ के अवसर पर कई विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सोमवार को सुबह से रात तक होने वाले इन कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण अयोध्या धाम के चिन्हित सौ स्थानों से निकलने वाली सांस्कृतिक शोभयात्रा होगी। इस शोभायात्रा में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के 1500 कलाकार और केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय के क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्रों के 200 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की जाएंगी। यह शोभयात्रा सुबह 10 बजे शुरू होगी और शाम चार बजे तक जारी रहेगी।
अयोध्या के तुलसी उद्यान में रात आठ बजे से नौ बजे के बीच पद्मश्री मालिनी अवस्थी द्वारा प्रस्तुत रघुवीरा होगा। इसी दरम्यान रामकथा पार्क में कन्हैया मित्तल भक्तिमय सांस्कृतिक संध्या पेश करेंगे। सोमवार को इन कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह साढ़े 10 बजे से भजन संध्या स्थल पर महंत देवीनंदन ठाकुरजी महाराज मथुरा का श्रीराम कथा पर भजन व प्रवचन से होगी। रामकथा पार्क में शाम छह बजे से सात बजे के बीच श्रीराम कला केन्द्र की रामलीला की प्रस्तुति होगी। इसी दौरान पर्यटन विभाग की ओर से राम की पैड़ी पर सरयू आरती होगी। रामकथा पार्क में रात सात बजे से आठ बजे के बीच नागपुर की वाटेकर बहनों का राम गायन होगा।
रात सात बजे से आठ बजे के दौरान ही तुलसी उद्यान में उज्जैन के शर्मा बंधुओं की भजन संध्या होगी। रात साढ़े सात बजे से रात पौने आठ बजे के बीच पर्यटन विभाग की ओर से राम की पैड़ी पर लेजर शो होगा। राम की पैड़ी पर रात पौने आठ बजे से पर्यटन विभाग की ओर से ईको फ्रेंडली आतिशबाजी होगी।