ऐप पर पढ़ें
Accident on Yamuna Expressway: यूपी के मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के हादसा हो गया। नोएडा की ओर जा रहे बाइक सवारों को पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल शख्स को पुलिस ने टोल एम्बूलेंस की मदद से इलाज के लिए आगरा भिजवाया। मृतक, आगरा और एटा के रहने वाले थे।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे बाइक सवार तीन युवक आगरा से नोएडा किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बलदेव क्षेत्र में माइल स्टोन-127 के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। इसके चलते बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह भाटी ने एक्सप्रेस वे टोल टीम की मदद से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिये आगरा भिजवाया।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। उप निरीक्षक सुरेन्द्र भाटी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त मोहित (उम्र 26 वर्ष) निवासी गांव नादऊ, खंदोली आगरा, भईयाजी (उम्र 20 वर्ष) निवासी गांव चिरगंवा, जलेसर, एटा के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल साथी को इलाज के लिए आगरा में भर्ती कराया है। सभी के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तीनों आगरा में नौकरी करते थे। वे किसी परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।