[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने पर भारतीय दल की प्रशंसा की और कहा कि इस उपलब्धि से उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री ने सोमवार को ट्वीट किया, ”25वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में भारतीय दल का सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन! हमारे एथलीटों ने 27 पदक जीते, जो विदेशी धरती पर किसी भी चैंपियनशिप की पदक तालिका में सर्वोच्च है। इस उपलब्धि के लिए हमारे एथलीटों को बधाई। इससे हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।”
भारत प्रतियोगिता में 27 पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत ने प्रतियोगिता में छह स्वर्ण के अलावा 12 रजत और नौ कांस्य पदक सहित कुल 27 पदक जीतकर इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में अपने सर्वाधिक पदक के रिकॉर्ड की बराबरी करने में सफल रहा। भारत ने स्वदेश में भुवनेश्वर में 2017 में हुई प्रतियोगिता में भी इतने ही पदक जीते थे। इस बार हालांकि स्वर्ण पदक की संख्या कम है। भारत 2017 में नौ स्वर्ण, छह रजत और 12 कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर रहा था। भारत ने रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन आठ रजत और पांच कांस्य पदक के साथ कुल 13 पदक जीते लेकिन एक भी स्वर्ण पदक नहीं जीत पाया।
आभा खटुआ ने रविवार कोअंतिम दिन हैरान करते हुए महिला गोला फेंक स्पर्धा में 18.06 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए रजत पदक अपने नाम किया जबकि ज्योति याराजी और पारूल चौधरी ने प्रतियोगिता में अपना दूसरा पदक जीता। आभा ने 17.13 मीटर के अपने पिछले निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में लगभग एक मीटर (93 सेंटीमीटर) का सुधार करते हुए चार किलो के गोले को अपने चौथे प्रयास में 18.06 मीटर की दूरी तक फेंका। आभा का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास 17.10 मीटर का रहा। चीन की सोंग जियायुआन (18.88 मीटर) ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। आभा ने अनुभवी मनप्रीत कौर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की जो रविवार को 17 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं।
गुरुवार को एशियाई चैंपियनशिप की 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं ज्योति ने 23.13 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ समय के साथ 200 मीटर का भी रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में सिंगापुर की शांति परेरा 22.70 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। इससे पहले ज्योति का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23.29 सेकेंड था जो उन्होंने सेमीफाइनल में किया था। उन्होंने मई में फेडरेशन कप में 23.42 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता था। लंबी दूरी की दिग्गज धाविका पारूल चौधरी ने भी 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक के साथ अपना दूसरा पदक जीता।
[ad_2]
Source link