[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
BPSC TRE : सर, मेरी नियुक्ति बिहार शिक्षक भर्ती के पहले चरण ( बीपीएससी टीआरई 1.0 ) में 11-12वीं वर्ग में हुई थी। विषय संयोजन सही नहीं होने के कारण तीन दिन पहले मेरी नियुक्ति रद्द कर दी गई है। नालंदा में नियुक्त था। इधर, सप्लीमेंट्री वाले में भी मेरा 9-10वीं का रिजल्ट आया है। इसमें मेरा विषय मैथ है। मैथ में ही मैं नियोजित शिक्षक के तौर पर पहले कार्यरत था। मैथ में मैंने मुजफ्फरपुर में काउंसिलिंग भी कराई है। क्या अब मेरी नियुक्ति होगी? बुधवार को डीईओ कार्यालय में नालंदा से पहुंचे शिक्षक अभ्यर्थी यह सवाल करते रहे।
पूरी जांच पड़ताल के बाद अधिकारियों ने कहा कि अगर प्रिंट निकलता है और मैथ विषय का संयोजन सही है तो दूसरी नौकरी मिल जाएगी। स्कूल में योगदान के बाद नियुक्ति रद्द की गई है। इसको लेकर यह चर्चा भी होती रही कि विषय संयोजन सही नहीं था, लेकिन इसके बाद भी रिजल्ट आ गया। डीईओ ने कहा कि ऐसे अभ्यर्थियों की सूची रख ली गई है। इनका प्रिंट निकलता है तो 13 को ही इन सभी को नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा।
मुजफ्फरपुर के जिला स्कूल में नियुक्ति पत्र लेंगे 1600 शिक्षक
बीपीएससी द्वितीय चरण के 1600 शिक्षकों को 13 जनवरी को जिला स्कूल में बने कैंप में नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। 1500 शिक्षक पटना भेजे जाएंगे। इन्हें पटना में ही नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। पहले यह संख्या एक हजार की भेजी गई थी। बेतिया के शिक्षकों का जाना ड्रॉप कर दिया गया है। इसके बाद मुजफ्फरपुर में संख्या बढ़ा दी गई है। जिले में कुल 3100 शिक्षकों की काउंसिलिंग हुई है।
नियुक्ति पत्र वितरण की तैयारी को लेकर काउंसिलिंग के बाद मूल विद्यालय में भेजे गये शिक्षकों का डाटा डीईओ ने मांगा है। उन्होंने इस बाबत प्रखंडों के बीईओ और नियुक्ति को लेकर बनाई गई कमेटी के अधिकारियों को बुधवार को निर्देश जारी किया है। चयनित नियोजित शिक्षकों को मूल विद्यालय में बाकी अभ्यर्थियों को टीचर ट्रेनिंग कॉलेज और बीआरसी में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया है। विभाग ने देर शाम नियुक्ति पत्र के प्रिंट का विकल्प भी भेज दिया। डीईओ ने बताया कि जितने भी अभ्यर्थियों को जिला आवंटित किया गया है और उनमें जिनकी काउंसिलिंग हुई है, उनके नियुक्ति पत्र का प्रिंट गुरुवार से निकाला जाएगा। प्रिंट विषयवार, कक्षावार निकाला जाएगा। नियुक्ति पत्र में किसी तरह की छेड़छाड़ न हो, इसे लेकर किसी एक ही जगह नियुक्ति पत्र निकलेगा। अगर किसी अभ्यर्थी का नियुक्ति पत्र कहीं और निकल गया है तो उनका दूसरी जगह नहीं निकल सकेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों ने जहां काउंसिलिंग कराई है, वहीं नियुक्ति पत्र लेने वह पहुंचें।
प्रखंडवार उपलब्ध कराया जाएगा नियुक्ति पत्र
डीईओ ने बताया कि नवनियुक्त शिक्षकों का नियुक्ति पत्र प्रिंट कराकर सभी बीआरसी में प्रखंडवार उपलब्ध करा दिया जाएगा। जो शिक्षक जहां ट्रेनिंग कर रहे हैं, उन्हें वहां से बीईओ लेकर कैंप में पहुंचेंगे। दो बजे तक शिक्षकों को पहुंच जाना है। पटना जाने के लिए शिक्षकों का चयन कर सूची जारी कर दी गई है।
[ad_2]
Source link