[ad_1]
हाइलाइट्स
जासूसी गुब्बारे को लेकर अमेरिका ने चीन को चेतावनी दी है.
अमेरिका ने चीन से कहा है कि इस तरह की घटना फिर कभी नहीं होनी चाहिए.
चीन ने भी अमेरिका की इस टिप्पणी की आलोचना की है.
म्यूनिख. चीनी जासूसी गुब्बारे (Chinese Spy Balloon) को लेकर अमेरिका (America) और चीन (China) के बीच संबंध तनावपूर्ण स्थिति में है. दोनों देशों के बीच इसे लेकर तू-तू मैं-मैं जारी है. बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन (Antony Blinken) ने शनिवार को अपने चीनी समकक्ष वांग यी (Wang Yi) से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने चीन को अमेरिकी हवाई क्षेत्र में जासूसी गुब्बारे भेजने के अपने ‘गैर जिम्मेदाराना कृत्य’ को नहीं दोहराने की चेतावनी दी.
न्यूज एजेंसी ANI ने द वाशिंगटन पोस्ट के हवाले से बताया कि विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि सचिव ने चीन को स्पष्ट लहजे में कह दिया है कि अमेरिका अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा. अमेरिका ने चीन को स्पष्ट बोल दिया है कि यह गैर जिम्मेदाराना हरकत फिर कभी नहीं होनी चाहिए. शीर्ष अमेरिकी और चीनी राजनयिकों के बीच शनिवार को बैठक म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के इतर हुई थी.
ब्लिंकेन ने ट्विटर पर इस बारे में कहा, ‘अभी चीन के शीर्ष राजनयिक वांग यी से मुलाकात की. मैंने चीनी जासूसी गुब्बारे की घुसपैठ की निंदा की और जोर देकर कहा कि ऐसा फिर कभी नहीं होना चाहिए. मैंने चीन को रूस को सामग्री सहायता प्रदान करने के खिलाफ भी चेतावनी दी है. इसके साथ ही मैंने बातचीत के लिए रास्ता खुला रखने के महत्व पर भी जोर दिया.’
चीन ने दिया यह रिएक्शन
वहीं चीन ने भी अमेरिका की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है. चीन के शीर्ष राजनयिक वांग यी ने शनिवार को गुब्बारे को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री की टिप्पणी की आलोचना की है. उन्होंने कहा ‘अमेरिका का यह दृष्टिकोण यह साबित नहीं करता है कि वह शक्तिशाली देश है. बल्कि इस तरह का बयान ठीक इसके विपरीत है.’ साथ ही वांग ने बीजिंग और वाशिंगटन के बीच संबंधों को ठीक करने के लिए अमेरिका की ‘गलतियों को सुधारने’ की जिम्मेदारी पर जोर दिया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: America, China, China spy news
FIRST PUBLISHED : February 19, 2023, 07:08 IST
[ad_2]
Source link