[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
Indian Railways: नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरे के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा 34 पूजा स्पेशल गाड़ियों का परिचालन किया जाएगा। यह गाड़ियां कुल 377 फेरे लगाएंगी। इनके अलावा सामान्य तौर पर चलने वाली गाड़ियों में भी अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इनके माध्यम से लगभग 5.5 लाख अतिरिक्त सीटों का बंदोबस्त किया गया है। यह जानकारी उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने दी।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने बताया कि त्यौहारों के चलते रेलगाड़ियों में भीड़ काफी बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त रेलगाड़ियों का परिचालन रेलवे द्वारा शुरु किया गया है। उन्होंने बताया की नवरात्र एवं दुर्गा पूजा पर यात्रियों के लिए 5.5 लाख अतिरिक्त सीट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत एक तरफ जहां 34 अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियों का परिचालन किया जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ प्रतिदिन चलने वाली गाड़ियों में भी कोच की संख्या को बढ़ाया जा रहा है।
शोभन चौधुरी ने बताया कि इन 34 गाड़ियों के माध्यम से अगले कुछ दिनों में कुल 377 फेरे लगाए जाएंगे। इनमें से 351 फेरे पूर्व की तरफ जबकि 26 फेरे उत्तर दिशा की तरफ लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन गाड़ियों में 1326 जनरल कोच, 3228 स्लीपर कोच और 2513 एसी कोच होंगे। यात्रियों के लिए कुल 5980 कोच उपलब्ध होंगे जिनमें लगभग 5 लाख यात्री सफर कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इनकी सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, समयपालनबद्धता आदि का भी बंदोबस्त किया जा रहा है।
दलालों से टिकट नहीं लेने की अपील
महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने यात्रियों से अपील की है कि वह त्यौहारों के समय में रेलवे के टिकट काउंटर या आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ही टिकट लें। कई जगहों पर इस दौरान दलाल सक्रिय हो जाते हैं और लोगों के साथ ठगी करते हैं। उन्होंने लोगों को दलालों से टिकट नहीं लेने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने त्यौहार के दौरान रेलवे ट्रैक से दूर रहने की अपील भी लोगों से की है।
उन जगहों के लिए चलेंगी रेलगाड़ियां
पटना, दरभंगा, गया, जयनगर, जालना, छपरा, अहमदाबाद, फिरोजपुर, गोरखपुर, वाराणसी, गुवाहाटी, जोगबनी, सहरसा जंक्शन, गटिहार, दानापुर, रक्सौल जंक्शन, मुज्जफरपुर, श्री माता वैष्णों देवी कटरा, जम्मू तवी, बरौनी। 18 अक्तूबर से 10 दिसंबर तक इन गाड़ियों का परिचालन होगा।
[ad_2]
Source link