Home Education & Jobs JSSC CGL परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक मामले में विधानसभा के अवर सचिव गिरफ्तार

JSSC CGL परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक मामले में विधानसभा के अवर सचिव गिरफ्तार

0


ऐप पर पढ़ें

JSSC CGL Exam : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की कम्बाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल ) की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रांची पुलिस की एसआइटी ने रविवार को झारखंड विधानसभा के अवर सचिव मो शमीम को गिरफ्तार किया है। टीम ने अवर सचिव के साथ उनके दो पुत्रों को भी पकड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार इनके पास से कई प्रतियोगी छात्रों के प्रवेश पत्र, मोबाइल फोन और सादे चेक मिले हैं। जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा 28 जनवरी को हुई थी लेकिन इसका प्रश्नपत्र पहले ही लीक हो गया था। इसके बाद इस परीक्षा के साथ-साथ चार फरवरी को होने वाली परीक्षा भी रद्द कर दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि एसआइटी की टीम ने इसी मामले में मेदिनीनगर से दो लोगों को पकड़ा था। उनसे भी रांची में पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (जेएसएससी सीजीएल) का परचा लीक होने के मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के निर्देश पर रांची के एसएसपी ने एसआइटी का गठन किया था। टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों ने परचा लीक मामले में गहराई से खोजबीन शुरू की तो अन्य लोगों के अलावा अवर सचिव के संबंध में पुख्ता जानकारी मिली। इसके बाद छापामारी कर उन्हें और उनके दो पुत्रों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इस पर टीम आगे की कार्रवाई कर रही है। टीम परचा लीक मामले में सूत्रधार एवं मुख्य षड़यंत्रकारी की तलाश में झारखंड के अलावा देश के दूसरे हिस्सों में भी छापामारी कर रही है। टीम को यह पता लगा है कि परचा लीक मामले के तार दूसरे राज्यों के कई संगठित गिरोह से भी जुड़े हुए हैं जो इस तरह के काम में माहिर रहे हैं। इसके अलावा टीम व्हाट्सएप के जरिए लीक परचा को प्रसारित करने वालों को भी गिरफ्तार करने में जुटी हुई है। 



Source link