[ad_1]
हाइलाइट्स
लोबिया के कबाब एक बेहद ही पौष्टिक रेसिपी है.
इसमें प्रोटीन, मैग्नीशियम, कैल्शियम भरपूर होते हैं.
नाश्ते में लोबिया के कबाब खाने से दिन भर एनर्जेटिक रहेंगे.
लोबिया कबाब (Lobia Kabab Recipe): नाश्ते में गर्म कबाब खाने को मिल जाए तो दिन बन जाए. कबाब का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. आलू, मटर, केला आदि से बने कबाब तो आप खूब खाते होंगे, लेकिन क्या कभी लोबिया से बने कबाब का स्वाद चखा है? नहीं खाया तो नाश्ते में एक बार जरूर लोबिया के कबाब बनाकर देखें. प्रोटीन, मैग्नीशियम, कैल्शियम से भरपूर लोबिया के कबाब एक बार खाएंगे तो बार-बार खाने का मन करेगा. हालांकि, अधिकतर लोगों को लोबिया पसंद नहीं होता. ज्यादातर लोग लोबिया को दाल की तरह बनाकर खाते हैं, लेकिन आप लोबिया के कबाब एक बार बनाकर खाएं, आपको लोबिया भी पसंद आने लगेगा. आइए जानते हैं लोबिया के कबाब बनाने की रेसिपी क्या है.
लोबिया के कबाब बनाने के लिए सामग्री
आलू- 1
लोबिया-1 कप
हरी मिर्च- 2
प्याज-1
अदरक-एक टुकड़ा
धनिया पत्ती- थोड़ी सी बारीक कटी हुई
जीरा साबुत- आधा छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
गरम मसाला- 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1/2 चम्मच
धनिया पाउडर-1/4 चम्मच
तेल- आवश्यकतानुसार
चाट मसाला- 1/2 छोटा चम्मच
इसे भी पढ़ें: Masala French Toast Recipe: नाश्ते में बनाएं मसाला फ्रेंच टोस्ट, बच्चे बड़े सभी खाएंगे स्वाद लेकर, बनाना है आसान
लोबिया के कबाब बनाने की रेसिपी
लोबिया को एक कटोरे में रातभर के लिए पानी में डालकर छोड़ दें. आप चाहें तो कुकर में इसे उबाल भी सकते हैं, लेकिन इसे पकने में अधिक समय लग सकता है. आलू को उबाल कर छील लें और मैश कर लें. इसी तरह जब लोबिया गल जाए तो इसे भी कटोरे में डालकर अच्छी तरह से मसल लें. प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, अदरक को भी धोकर बारीक काट कर बाउल में रख लें. गैस पर एक पैन रखें. उसमें एक चम्मच तेल डालें. अब इसमें जीरा डालकर तड़का लगाएं. फिर प्याज, अदरक, हरी मिर्च डालकर भूनें. जब ये गोल्डन ब्राउन हो जाए तो इसमें मसले हुए लोबिया डाल दें. अच्छी तरह से चलाएं, ताकि पैन में चिपके ना.
अब आलू भी डालकर चलाएं. एक मिनट के बाद इसमें सभी मसाले जैसे लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, धनिया पाउडर, चाट मसाला डालकर मिक्स करें. मसाले स्वाद में कच्चे ना रहें, इसलिए इसे कुछ मिनट तक पकाएं. अब गैस बंद करें और इसमें कटी हुई हरी धनिया पत्ती डाल दें. लोबिया के इस मिश्रण को ठंडा होने दें. अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे आकार के कबाब बनाकर प्लेट में रख लें. 15 मिनट के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए रखें, ताकि कबाब सेंकते समय टूटे-फटे ना. पैन में तेल डालकर एक साथ 5-6 कबाब डालकर कम आंच पर सेंके. दोनों तरफ से जब अच्छी तरह से ब्राउन हो जाए तो प्लेट में निकाल लें. आप टोमैटो सॉस या फिर ग्रीन चटनी के साथ गरमा-गर्म खाने का मजा लें. पोषक तत्वों से भरपूर ये कबाब आपको दिन भर एनर्जेटिक रखेंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle
FIRST PUBLISHED : January 24, 2023, 08:00 IST
[ad_2]
Source link