[ad_1]
Last Updated:
Dengue Awareness Tips: हर साल भारत में राष्ट्रीय डेंगू दिवस 16 मई को मनाया जाता है ताकि डेंगू के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके. यह एडीज मच्छर के काटने से फैलता है और समय पर इलाज न हो तो जानलेवा हो सकता है.
डेंगू से बचाव किया जा सकता है.
हाइलाइट्स
- भारत में राष्ट्रीय डेंगू दिवस 16 मई को मनाया जाता है.
- एक्सपर्ट के मुताबिक डेंगू मच्छर साफ पानी में पनपता है.
- डेंगू से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए.
National Dengue Day 2025: गर्मी और बरसात के मौसम में मच्छरों का आतंक हर जगह देखने को मिलता है. इस दौरान कई खतरनाक बीमारियों के फैलने का खतरा रहता है, जिनमें से एक है डेंगू. यह एक जानलेवा वायरल संक्रमण है जो एडीज मच्छर के काटने से फैलता है. तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द, त्वचा पर चकत्ते और कमजोरी इसके मुख्य लक्षण हैं. समय पर इलाज न हो तो यह प्लेटलेट्स की संख्या घटाकर स्थिति को गंभीर बना सकता है. हर साल भारत में 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है, ताकि लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक किया जा सके.
क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार हर साल लगभग 400 मिलियन लोग डेंगू से ग्रसित होते हैं. हालांकि ज्यादातर मामलों में लक्षण नहीं दिखते. इसलिए समय रहते सही उपचार अपनाना जरूरी है. घर के आसपास पानी जमा न होने देना, पूरी बाजू के कपड़े पहनना और मच्छरदानी का इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है. डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, जैसे कूलर, फूलदान, टंकी, या कोई भी खुला बर्तन जिसमें पानी जमा हो. डेंगू का मच्छर काले रंग का होता है और उसके शरीर पर सफेद धारियां होती हैं. मच्छर के काटने के चार से सात दिन बाद डेंगू के लक्षण दिखने लगते हैं. इसमें कभी-कभी प्लेटलेट्स की संख्या बहुत कम हो जाती है, जिससे खून बहने की समस्या हो सकती है. यह स्थिति गंभीर हो सकती है और समय पर इलाज न मिले तो जानलेवा भी बन सकती है.
अगर किसी को डेंगू हो जाए, तो उसे ज्यादा से ज्यादा पानी, नींबू पानी, नारियल पानी, जूस, सूप और तरल चीजें देते रहना चाहिए. डॉक्टर की सलाह से पैरासिटामॉल दिया जा सकता है, जिससे बुखार और दर्द में राहत मिलती है. मच्छरदानी का इस्तेमाल जरूर करें. कुछ घरेलू उपाय जैसे पपीते के पत्ते का रस या गिलोय का काढ़ा लोग लेते हैं, हालांकि इसके प्रमाण नहीं मिले हैं कि ये पूरी तरह कारगर हैं. इन्हें लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें. डेंगू से पीड़ित मरीज बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न लें और तला-भुना खाने से परहेज करें.
डेंगू से बचाव के लिए सबसे जरूरी है मच्छरों से बचाव. घर और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि डेंगू मच्छर साफ पानी में ही पनपता है. कूलर, गमले, बाल्टी और टंकी को सप्ताह में कम से कम एक बार खाली कर साफ करें. सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और दिन में भी शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें. मच्छर भगाने वाली क्रीम, कॉइल और इलेक्ट्रिक वेपराइज़र का प्रयोग करें. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सुरक्षा दें. घर की खिड़कियों पर जाली लगवाएं ताकि मच्छर अंदर न आएं. यदि बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और शरीर पर चकत्ते दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में करीब 8 साल का अनुभव है. वे हेल्थ और लाइफस्टाइल से जुड़े टॉपिक पर स्टोरीज लिखते हैं. …और पढ़ें
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में करीब 8 साल का अनुभव है. वे हेल्थ और लाइफस्टाइल से जुड़े टॉपिक पर स्टोरीज लिखते हैं. … और पढ़ें
[ad_2]
Source link