Thursday, April 17, 2025
Google search engine
HomeNationalRain Alert: मौसम बिगड़ने वाला है, छतरी निकाल लीजिए; यूपी-बिहार समेत इन...

Rain Alert: मौसम बिगड़ने वाला है, छतरी निकाल लीजिए; यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में बरसेंगे बदरा


ठंड का सितम जारी है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में सर्दी पड़ रही है। सोमवार को दोपहर में अलग-अलग इलाकों में धूप खिलने से कुछ राहत जरूर मिली। हालांकि, आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है और शीतलर का भी असर है। दिल्ली का अधिकतम तापमान सोमवार को बढ़कर 22.6 डिग्री सेल्सियस हो गया जबकि रात का तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग कार्यालय ने मंगलवार को दिन के दौरान मुख्य रूप से आसमान साफ रहने जबकि शाम को बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इसके अलावा सुबह में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा भी होने का अनुमान है जिससे लोगों को यातायात में दिक्कतें आ सकती हैं। साथ ही ट्रेनों और हवाई जहाज से यात्राओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। 

राजस्थान के कई इलाकों में बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दिनों में राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी दिनों में 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। पहला विक्षोभ 31 जनवरी से 1 फरवरी के दौरान सक्रिय होगा। राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी भागों में हल्की बारिश के रूप में इसका प्रभाव पड़ने का अनुमान है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 3-4 फरवरी को सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से तीन से चार फरवरी के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर संभाग में गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में आगामी दिनों में मौसम सामान्य तौर पर शुष्क बने रहने की संभावना है। आगामी 2 दिन राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा भी दर्ज होने की संभावना है।

यूपी और बिहार में भी होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 31 जनवरी से बारिश के आसार हैं। लखनऊ में बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी की संभावना है। वैसे विक्षोभ से सर्दी से कुछ राहत जरूर मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, उत्तर पश्चिम से आ रही हवा का रुख बदल गया है। अब पुरवा चल रही है। इससे कोहरा आंशिक रहा लेकिन अगले दो दिन सुबह-शाम हल्‍का कोहरा रह सकता है। वहीं, बिहार के 24 जिलों में 1 फरवरी से बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने हल्की बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। आज सुबह से ही पटना सहित प्रदेश के अधिकतर शहर कोहरे की चपेट में हैं। आने वाले दिनों में लोगों को न सिर्फ दिन में ठंड से राहत मिलेगी, बल्कि न्यूनतम पारा भी चढ़ने वाला है।

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी, येलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में 4 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने के आसार हैं। हालांकि, 2 फरवरी को उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों को छोड़कर अन्य में मौसम साफ रहने के आसार हैं। विभाग के अनुसार, पहला पश्चिम विक्षोभ 30 जनवरी और दूसरा 3 फरवरी को सक्रिय होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। बारिश-बर्फबारी की स्थिति में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। जबकि मैदानी क्षेत्रों के लिए न्यूनतम तापमान सामान्य और मध्य और ऊंची पहाड़ियों के लिए सामान्य से कम रहने की संभावना है। लगातार 2 पश्चिम विक्षोभ के आने की वजह से 30-31 जनवरी से अगले 2-3 दिनों तक मध्य व उच्च पर्वतीय जिलों लाहौल-स्पिति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, शिमला के कई भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है।

हरियाणा, पंजाब में ठंड और कोहरे का प्रकोप

हरियाणा और पंजाब में ठंड का प्रकोप अभी तक जारी है। साथ ही शीतलहर के चलते लोगों की कंपकंपी छूट रही है। हालांकि, दोपहर में हल्की धूप होने से थोड़ी राहत जरूर मिल जाती है। आज सुबह से ही दोनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। लोगों को आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। सोमवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी

कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में सोमवार को फिर से बर्फबारी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। हालांकि, घाटी में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से ऊपर रहा। अधिकारियों ने कहा कि गुलमर्ग और गुरेज के स्की रिसॉर्ट और उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा के ऊंचे इलाकों में सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग पर्यटन स्थल पर भी बर्फबारी हुई है। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजिला के साथ-साथ लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के द्रास में भी बर्फबारी की खबरें हैं। अधिकारियों ने महत्वपूर्ण सड़कों से बर्फ हटाने के लिए कर्मियों और मशीनरी को लगाया है। घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पिछले कुछ दिनों से मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने के कारण कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर चला गया है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments