
[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
Raksha Bandhan Thali Decoration: रक्षाबंधन 2023 का त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहन को उसकी रक्षा का वचन देता है। इस साल राखी का त्योहार 30 अगस्त और 31 अगस्त को मनाया जाएगा। शास्त्रों के अनुसार, राखी की थाली में रक्षा सूत्र के साथ बहनों कई और जरूरी चीजों को भी रखना शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि ऐसा करने से भाई-बहन का प्यार और एक दूसरे के साथ उनका रिश्ता मजबूत बना रहता है। आइए जानते हैं राखी की थाली में रक्षा सूत्र के साथ किन और चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए।
राखी की थाली-
रक्षाबंधन के दिन भाई को राखी बांधने से पहले बहनें पूजा की थाली जरूर सजाती हैं। राखी के लिए चांदी की थाली को सबसे उत्तम माना जाता है। अगर आपके पास चांदी की थाली नहीं है तो आप पूजा के लिए ओम या फिर स्वास्तिक बनी थाली का यूज भी कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आप किचन में रखी स्टील की थाली का इस्तेमाल करते हैं तो उसके ऊपर पहले कोई सूती कपड़ा या केले का पत्ता लगाकर पूजा की थाली बनाएं।
अक्षत-
पूजा की थाली बिना अक्षत के अधूरी मानी जाती है। बता दें, बिना टूटे कच्चे सफेद चावलों को ही अक्षत कहा जाता है। अक्षत का इस्तेमाल शुभ कार्यों में किया जाता है। भाई को तिलक लगाने के बाद अक्षत अवश्य लगाना चाहिए। माना जाता है कि अक्षत का इस्तेमाल करने से नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं और जीवन में खुशहाली आती है।
रोली-
पूजा की थाली में रोली को भी चावल के साथ एक छोटी कटोरी में रखा जाता है। बता दें, भाई के माथे पर तिलक लगाने के लिए रोली का यूज किया जाता है। माना जाता है कि भाई के माथे पर तिलक करने से शरीर की शक्ति बढ़ती है और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होती है।
दीपक-
दीपक सकारात्मकता और प्रकाश का प्रतीक माना जाता है। रक्षाबंधन पर भाई की आरती करने के लिए बहनें दीपक का यूज करती हैं। ऐसा करने से भाई-बहन के बीच का पवित्र प्रेम हमेशा बना रहता है।
मिठाई-
राखी की थाली सजाते हुए हर बहन उसमें अपने भाई की मन पसंद मिठाई रखना बिल्कुल नहीं भूलती है। भाई को तिलक करके रक्षा सूत्र बांधने के बाद मिठाई खिलाई जाती है। माना जाता है कि इस दिन भाई को मिठाई खिलाने से रिश्ते की मिठास बनी रहती है।
राखी-
रक्षाबंधन पर भाई की लंबी उम्र के लिए बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं। यही वजह है कि राखी की थाली में रक्षा सूत्र यानी राखी भी जरूर रखी जाती हैं। रक्षा का यह सूत्र भाई बहनों के रिश्तों को मजबूत बनाता है।
[ad_2]
Source link