ऐप पर पढ़ें
Summer Vacation 2023 : झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की गर्मी छुट्टी तीन दिन बढ़ा दी है। अब स्कूल 14 जून तक बंद रहेंगे। इसके बाद गर्मी की स्थिति को देखते हुए फैसला लिया जाएगा। पहले 12 जून से स्कूल खुलना था। शिक्षा सचिव के रवि कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि झारखंड में अत्याधिक गर्मी पड़ने और हीट वेव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि राज्य के सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय 12 से 14 जून तक बंद रहेंगे। शिक्षा सचिव ने कहा कि इस अवधि में बच्चों की पढ़ाई में होने वाली क्षति की भरपाई के लिए निर्णय लेकर सूचित किया जाएगा। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ, झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ, झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा, पासवा, झारखंड अभिभावक संघ सहित अन्य शिक्षक संगठनों ने शिक्षा सचिव के फैसले का स्वागत किया है। सभी संगठनों ने सरकार से गर्मी को देखते हुए ग्रीष्मावकाश बढ़ाने की मांग की थी।