ऐप पर पढ़ें
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Twitter का नाम और पहचान बीते दिनों बदल दी गई है और इसका नीली चिड़िया वाला लोगो और नाम दोनों ‘X’ कर दिए गए हैं। ब्रैंडिंग से जुड़े बदलाव के क्रम में अब ट्विटर का आधिकारिक अकाउंट @twitter बंद कर दिया गया है और इसकी जगह आधिकारिक अकाउंट का यूजरनेम @x हो गया है। यानी कि अब प्लेटफॉर्म से जुड़े अपडेट्स पाने के लिए यूजर्स को @x हैंडल फॉलो करना होगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने सबसे पहले @twitter हैंडल को रीनेम किया और इसका URL अब x.com/x कर दिया गया है। कोई और @twitter यूजरनेम का इस्तेमाल ना कर सके, इसके लिए अब @twitter हैंडल या फिर x.com/twitter URL को प्राइवेट कर दिया गया है। इस हैंडल पर दिख रहा है कि ‘यह अकाउंट अब ऐक्टिव नहीं है। अपडेट्स के लिए @x को फॉलो करें।’ कुल मिलाकर अब पुराने अकाउंट का काम खत्म कर दिया गया है।
बुरे फंसे मस्क! नहीं मिली ट्विटर लोगो बदलने की अनुमति, हेडक्वार्टर पर X लगाने का परमिट ही नहीं
नए अकाउंट पर 6.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स
अगर आप माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर जाने के बाद @x हैंडल पर जाएंगे तो इसपर 66 मिलियन (6.6 करोड़) से ज्यादा सब्सक्राइबर्स दिख रहे हैं। हो सकता है आप भी इसे पहले से ही फॉलो कर रहे हों। दरअसल कंपनी ने पुराने @twitter हैंडल को रीनेम किया है, यानी जितने भी यूजर्स पहले ट्विटर का आधिकारिक अकाउंट फॉलो कर रहे थे, अब अपने आप नए X हैंडल को फॉलो करने लगे हैं और उन्हें अपडेट्स मिलते रहेंगे।
मस्क ने किया ब्रैंडिंग से जुड़ा सबसे बड़ा बदलाव
पिछले साल ट्विटर खरीदने के बाद से ही अमेरिकी अरबपति एलन मस्क इस प्लेटफॉर्म में ढेरों बदलाव कर रहे हैं। कुछ सप्ताह पहले उन्होंने संकेत दिए थे कि ट्विटर की नीली चिड़िया को अलविदा कहने का वक्त आ गया है और बाद में ट्विटर CEO लिंडा याकारिनो ने भी कन्फर्म किया कि प्लेटफॉर्म के URL से लेकर नाम और लोगो तक सब बदला जा रहा है। इससे जुड़े बदलाव सभी यूजर्स को ऐप और वेबसाइट में दिखने लगे हैं।
नीली चिड़िया को कहें अलविदा! ट्विटर का काम खत्म, अब X का जादू चलाएंगे एलन मस्क
कंपनी CEO की मानें तो X प्लेटफॉर्म यूजर्स को इस तरह कनेक्ट करेगा, जैसा सोचा भी नहीं गया है और यह आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) पावर्ड होगा। उन्होंने कहा है कि हम पिछले 8 महीनों से इस रीब्रैंडिंग पर काम कर रहे थे और अभी इसकी शुरुआत भर हुई है। जल्द ही X में ढेरों नए फीचर्स और नया इंटरफेस देखने को मिल सकता है। हालांकि, इस बदलाव को लेकर यूजर्स की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है।