ऐप पर पढ़ें
UP Rain: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 अक्टूबर से पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है। इसके कारण 14 अक्टूबर से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 2 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों से वापस चला जाएगा। आईएमडी ने यह भी कहा कि एक चक्रवाती परिसंचरण रायलसीमा और इससे सटे दक्षिण आंतरिक कर्नाटक पर स्थित है।
इसके कारण अगले 2 दिनों तक दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में छिटपुट भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। उसके बाद वर्षा में कमी की उम्मीद है।
अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा देश का मौसम
दक्षिण भारत: कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 13 अक्टूबर को केरल में बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश में कमी देखी जा सकती है।
उत्तर पश्चिम भारत: 13 से 17 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में और 14 से 17 अक्टूबर तक हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 15 से 17 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है। उसके बाद इसमें कमी आएगी।
पूर्वी भारत: अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। उसके बाद इसमें कमी आएगी। अगले 5 दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश, तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
केरल के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई। वहीं आईएमडी ने राज्य के 14 जिलों में से तीन के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और पत्तनमतिट्टा जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों के लिए बृहस्पतिवार की खातिर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।