
[ad_1]
IMD Weather Updates 12 January: देश के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। फिलहाल इससे राहत की संभावना नहीं है। हालांकि, पहाड़ों पर धूप खिली है, जिससे राहत की उम्मीद नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में ठिठुरन बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं घना और कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत घने कोहरे का प्रकोप रहा। कुछ इलाकों में धूप नहीं निकली।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में उत्तरी पश्चिमी बर्फीली हवाएं चलने और कोहरा छाने से ठिठुरन बढ़ गई है। गुरुवार को रुड़की, हरिद्वार, यूएसनगर, पंतनगर, खटीमा में तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया। कोल्ड डे की स्थिति बनने से लोग ठिठुर गए। मौसम विभाग ने शुक्रवार को हरिद्वार, नैनीताल, यूएसनगर और पौड़ी जिलों में शीत दिवस का येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी जिलों में पाला पड़ने, हरिद्वार और यूएसनगर में घना कोहरा रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि एक सप्ताह तक अभी बारिश के आसार नहीं है। पहाड़ों में चटक धूप निकलने की वजह से तापमान नहीं गिर रहा है। वहीं, मैदान पहाड़ों से भी ठंडे हो रहे हैं।
बिहार में बर्फीली हवा ठिठुरन बढ़ाएगी
पटना सहित दक्षिण बिहार में बर्फीली ठंडी पछुआ एवं उत्तर पछुआ हवा की रफ्तार तीन दिनों तक ठिठुरन बढ़ाएगी। पटना, गया सहित अन्य जिलों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने की संभावना है। वही उत्तर बिहार में पछुआ हवा की रफ्तार दक्षिण बिहार के मुकाबले कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ी है। जो अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। 12 से 15 जनवरी के दौरान उत्तर बिहार के 14 जिलों में शीत दिवस या शीत लहर होने की संभावना है।
हिमाचल में तीन दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में तीन दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव 12, 16 और 17 जनवरी को देखने को मिलेगा। वहीं, मैदानी जिलों में 12 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है।
कश्मीर में तेज शीत लहर से कोई राहत नहीं
कश्मीर में भीषण शीत लहर से कोई राहत नहीं मिल रही है और घाटी में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई सुधार नहीं होगा। उन्होंने बताया कि कश्मीर में मौसम शुष्क रहने और बर्फबारी नहीं होने से रात में जमा देने वाली ठंड पड़ रही है जबकि दिन अपेक्षाकृत गर्म हैं। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। जम्मू में पिछले कुछ दिनों से श्रीनगर से अधिक ठंड पड़ रही है। जम्मू इस समय घने कोहरे की चपेट में है, जिसके कारण ठंड बढ़ गई है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
हरियाणा-पंजाब के कुछ हिस्से में कड़ाके की ठंड
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने जानकारी दी। हरियाणा का नारनौल 2.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। पंजाब के फरीदकोट में कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकांश स्थानों पर दिन के समय भी भीषण ठंड पड़ रही है, जिससे अधिकतम तापमान 10-14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
घने कोहरे से सड़क, रेल यातायात प्रभावित
देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में गुरुवार को कोहरे से सड़क और रेल यातायात प्रभावित रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 24 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में ‘बहुत घना’ कोहरा रहा जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू, हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार और असम में ‘घना’ कोहरा रहा। वहीं उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में ‘मध्यम’ कोहरा रहा।
[ad_2]
Source link