Saturday, April 26, 2025
Google search engine
HomeNationalWeather Update: दिल्ली-NCR से UP-बिहार तक मिलने वाली है ठंड से राहत,...

Weather Update: दिल्ली-NCR से UP-बिहार तक मिलने वाली है ठंड से राहत, मौसम विभाग ने बताई नई तारीख


Weather Update: देश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। हालांकि, मौसम विभाग की तरफ से राहत की खबर भी दी गई है। मंगलवार की बात करें तो पंजाब के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस के बीच था। वहीं, उत्तरी हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री के बीच रहा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कई हिस्सों में भी यही स्थिति बनी रही। इन इलाकों में हालांकि पछुआ हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है। आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब और उत्तरी हरियाणा के कई हिस्सों में ये सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। हरियाणा के अंबाला में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिम भारत के लोगों को ठंड से जल्द राहत मिल सकती है। आईएमडी के पूर्वानुमान के बीत अगले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसकी वजह से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकती है। आपको बता दें कि उत्तर पश्चिम भारत में दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, कश्मीर, राजस्थान, उत्तराखंड जैसे राज्य शामिल हैं।

आईएमडी ने कहा है कि 25-26 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की संभावना है। वहीं, 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पाला पड़ने की संभावना है।

हरियाणा-पंजाब में शीतलहर जारी

हरियाणा और पंजाब में शीतलहर लगातार जारी है और बुधवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि हाड़ कंपा देने वाले इस जाड़े में 3.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ अंबाला हरियाणा में सबसे ठंडा स्थान रहा। सिरसा में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री, भिवानी में 5.6 डिग्री, हिसार में 5.8 डिग्री, नारनौल में छह डिग्री और करनाल में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जहां तापमान मंगलवार के छह डिग्री सेल्सियस के मुकाबले घट कर 3.6 डिग्री पर पहुंच गया। 

पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और बठिंडा में 3.4 डिग्री, पटियाला में 3.6 डिग्री, लुधियाना में 4.1 डिग्री, अमृतसर में 5.7 डिग्री, फरीदकोट में चार डिग्री और पठानकोट में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ पिछले तीन सप्ताह से भीषण ठंड की चपेट में हैं। सुबह के समय कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता कम रही। पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान में भी तेजी से गिरावट आई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। 

कश्मीर घाटी में शीत लहर का प्रकोप बढ़ा

हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहे जम्मू कश्मीर में बांदीपोरा सबसे ठंडा स्थान रहा और इस उत्तर कश्मीरी जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से करीब आठ डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बांदीपोरा में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और शोपियां में शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

दक्षिण कश्मीर के काजीगुंद शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में मौसम शुष्क है और बर्फबारी नहीं होने से रात में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है जबकि दिन अपेक्षाकृत गर्म हैं। श्रीनगर में दिन का तापमान साल के इस समय के सामान्य तापमान से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक है। 



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments