Weather Latest Updates: साल के अंतिम दिन देश के कई राज्य शीतलहर की चपेट में रहे। कई राज्यों में ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तापमान गिरने से दिन में भी ठिठुरन महसूस हुई। कई राज्यों घने कोहरे के कारण ट्रेनों और उड़ानों में भी देरी हुई। ठंड से सबसे बुरा हाल राजस्थान में रहा। राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
3-4 दिनों तक कोहरे का कहर जारी रहेगा
राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के कुछ स्थानों पर रविवार को ठंडी हवा चलने और अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में घने कोहरे का दौर आगामी 3-4 दिनों तक जारी रहने की संभावना जताई है।
घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदू से नीचे
कश्मीर रविवार को शीतलहर की चपेट में रहा, क्योंकि घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे रहा। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान पिछली रात के शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे से गिरकर शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम, जो वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर है, में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने रविवार को कहा कि पांच जनवरी, 2024 तक आमतौर पर बादल छाए और शुष्क रहने के आसार हैं।
पंजाब-हरियाणा में छाया रहा घना कोहरा
पंजाब-हरियाणा में कई स्थानों पर रविवार को दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आई, जबकि दोनों राज्यों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। कोहरे और ठंड के मौसम की स्थिति को देखते हुए, पंजाब सरकार ने 1 जनवरी से निजी सहित स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला किया है। नया समय – सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक – 14 जनवरी तक लागू रहेगा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों और उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकांश स्थानों पर कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है।
झारखंड में पड़ रही कड़ाके की ठंड
राज्य के धनबाद जिले में साल के अंतिम दिन कड़ाके की ठंड रही। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार नए साल पर भी ठंड रहेगी। सोमवार को धनबाद का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहेगा, जिससे ठंड का अहसास होगा। सुबह में हल्का कुहासा छाया रहेगा। दिन में बादल भरे आसमान से हल्की धूप भी निकलेगी। जैसे-जैसे शाम ढलेगी ठंड भी बढ़ती जाएगी। दो जनवरी से झारखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा। मकर संक्रांति के बाद धनबाद में धीरे-धीरे ठंड घटेगी। अगले 15 दिनों तक धनबाद में ठंड का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
बिहार में तीन दिन ठंड से राहत नहीं
मौसमविदों के अनुसार फिलहाल तीन दिन ठंड से राहत के आसार नहीं है। राज्य में कई जगहों पर घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम के तेवर का असर लोगों की दिनचर्या पर पड़ा है। पार्कों में सुबह की सै करने वालों की संख्या बेहद कम हो गई है और लोग देर तक रजाई से ही लिपटे रह रहे हैं। सामान्य कामकाज में ठंडा पानी के उपयोग से हाथ सुन्न सा होने लगा है।
दोपहिया वाहन चलाने में मुश्किलें बढ़ी हैं। सड़कों पर वाहन हेडलाइट के सहारे सरक रहे हैं। तीन और चार जनवरी को राज्य में कुछ जगहों पर आंशिक बारिश भी हो सकती है। इसके बाद ही धूप निकलने के आसार हैं लेकिन फिर न्यूनतम तापमान में कमी से ठंड में आंशिक बढ़ोतरी होगी।
दो ट्रेन और दो विमान रद्द
ट्रेनों और उड़ानों के लेटलतीफी होने और रद्द होने का सिलसिला जारी है। रविवार को दो ट्रेनें और दो विमान रद्द रहे। दर्जन भर विमान लेट से आए। तेजस राजधानी समेत 15 ट्रेनें लेट रहीं। पटना जंक्शन की दो ट्रेनें रविवार को भी रद्द रहीं जबकि 13 ट्रेनें देरी से पहुंची। तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध, विक्रमशिला, श्रमजीवी जैसी ट्रेनें लगातार लेट चल रही हैं। रविवर को भी तेजस राजधानी नौ घंटे की देरी से पहुंची। यह दो घंटे 50 मिनट की देरी से पटना से रीशेड्यूल की गई। संपूर्ण क्रांति साढ़े तीन घंटे तक लेट रहीं।
उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। साल का आखिरी दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इसके पहले 2016 में दिसंबर में 14.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था। इस तरह बीते 8 साल में यह दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान है। दिन में लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार को भी पूरा दिन धूप नहीं निकली।
दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश में बर्फीली पछुआ हवाओं की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं कोहरे की वजह से दिन में भी रात सी गलन का अहसास होता रहा। मौसम विज्ञानी शफीक सिद्दीकी ने बताया कि पश्चिमोत्तर के पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और वहां वर्षा व बर्फबारी की आशंका है। ऐसे में गोरखपुर, कुशीनगर सहित समूचे उत्तर प्रदेश में गलन भरी ठंड का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है।