Friday, April 18, 2025
Google search engine
HomeNationalWeather Updates: भीषण ठंड से राहत नहीं; घने कोहरे और शीतलहर के...

Weather Updates: भीषण ठंड से राहत नहीं; घने कोहरे और शीतलहर के बीच होगी बारिश, बर्फबारी के भी आसार


ऐप पर पढ़ें

जनवरी खत्म होने को है मगर ठंड जाने का नाम नहीं ले रही। उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इस बीच अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी से मुश्किलें और ज्यादा बढ़ने वाली हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 31 जनवरी से 1 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है। इसके साथ ही 28 से 30 जनवरी तक शहर में मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 6 डिग्री सेल्सियस रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शाम 6 बजे तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 384  दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।

हिमालय क्षेत्र में रविवार से लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से इस मौसम की पहली भारी बर्फबारी होने की संभावना है। सर्दी के इस मौसम में पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पर्वत की चोटियों पर बर्फ पर वो नजारा नहीं दिखा जो आमूमन हर वर्ष होता है। आईएमडी ने इसके लिए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की कमी को जिम्मेदार ठहराया है। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागरीय क्षेत्र में उत्पन्न होता है और इससे उत्तर पश्चिम भारत में बेमौसम वर्षा आती है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की कमी को मौजूदा अल-नीनो स्थितियों के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। अल-नीनो स्थिति मध्य प्रशांत महासागर में सतही जल का असामान्य रूप से गर्म होना है।

29 से 31 जनवरी के बीच भारी वर्षा और बर्फबारी 

आईएमडी ने कहा कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के रविवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के मौसम पर असर पड़ सकता है। एक अन्य विक्षोभ के 31 जनवरी से इस क्षेत्र व उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों के मौसम को प्रभावित करने की संभावना है। इन स्थितियों के कारण 29 जनवरी से 31 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा या बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा, ’31 जनवरी से 2 फरवरी तक उत्तराखंड में हल्की या मध्यम छिटपुट बारिश या बर्फबारी और पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है।’

हरियाणा, पंजाब में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे

हरियाणा और पंजाब में रविवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। दोनों राज्य और उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ इस महीने में अधिकांश समय भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में रहे। आज भी ठंड का प्रकोप जारी है। दोनों ही राज्यों में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है और शीतलहर ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को दिन के समय कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली। रविवार को चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री जबकि हिसार में 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के लुधियाना में रात का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत

राजस्थान में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि के साथ प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आगामी चार-पांच दिन राज्य में मौसम शुष्क रहने वाला है। साथ ही दिन व रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से शीतलहर से राहत मिलने की काफी संभावना है। प्रवक्ता के अनुसार, रविवार को अलवर 5.2 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। हनुमानगढ़ के संगरिया में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री, सिरोही में 6.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 7.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ और जालौर में 7.8 डिग्री, श्रीगंगानगर में 8 डिग्री, अंता में 8.1 डिग्री, डबोक में 8.2 डिग्री, करौली में 8.3 डिग्री और वनस्थली में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आंध्र प्रदेश में शुष्क मौसम रहने के आसार

आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अगले 7 दिनों के दौरान शुष्क मौसम रहने के आसार हैं। मौसम रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में शुष्क मौसम बना रहा। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को रायलसीमा के आरोग्यवरम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रविवार तड़के तेलंगाना के आदिलाबाद में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले सात दिनों में राज्य का मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले 24 घंटों में तेलंगाना का मौसम शुष्क रहा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments