[ad_1]
तूलिका देवी/असम. नॉर्थ ईस्ट के जातीय समुदायों के खाने-पीने की परंपरागत वस्तुएं काफी स्वादिष्ट होती हैं. आदिवासी समुदायों में शाकाहारी और मांसाहारी दोनों ही तरह के भोजन प्रचलित हैं. स्थानीय रूप से उपलब्ध चीजों की इनके भोजन में बहुतायत होती है, लेकिन इस क्षेत्र में मांसाहार काफी फेमस है. यहां कई ऐसी वस्तुएं भी पकाई और खाई जाती हैं, जो मसालेदार होती हैं और बाहरी लोगों के लिए इनको खाना मुश्किल होता है. एरी पोलू’ या रेशम कीट डिश एक ऐसी ही परंपरागत डिश है, जो असम सहित उत्तर पूर्व के कई राज्यों के आदिवासी समुदायों में लोकप्रिय है. इसे पकाने की विधियां पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही हैं.
उत्तर पूर्व में रेशम के कीटों या पोलू की कई प्रजातियां पाई जाती हैं, जिन्हें एंडी या इरंडी भी कहा जाता है. यह पोलू/बोमबिक्स मोरी के अलावा घर में पाला जानेवाला एकमात्र लार्वा है. लोग दो मुख्य कारणों से इन लार्वों को अपने घर में पालते हैं – पहला रेशम का धागा प्राप्त करने के लिए और दूसरा इसको खाने के लिए. पोलू डिश बनाने की कई विधियां असम के जातीय समुदायों में प्रचलित हैं. तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ जिलों के मटक-मारन लोगों में इस डिश को बनाने की कई विधियां प्रचलित हैं. अगर आप कभी एरी पोलू/रेशम कीट को परंपरागत तरीके से बनाना चाहते हैं तो ये रही इसे बनाने की विधियां…
1. एरी पोलू/रेशम कीट कदीमा के साथ
पहले, एरी पोलू के कोकून को एक चम्मच सोडा के साथ पानी में उबालें. इसके बाद कोकून से एरी पोलू को निकाल लें. एक बर्तन में सरसों का तेल गर्म करें और इसमें प्याज को भूरा होने तक पकाएं. इसमें अदरत और लहसुन का पेस्ट, हल्दी और स्वाद अनुसार नमक डालें. छोटे-छोटे टुकड़ों में काटे गए कदीमा और आलू के टुकड़ों को तेल में तब तक तलें जब तक कि वे आधे पक न जाएं. इसके बाद इसमें थोड़ा गरम पानी डालें और इसे पकने दें. जब कदीमा, आलू और एरी पोलू पक जाएं तो इसमें थोड़ा धनिया पत्ता डालें और इसे गैस से उतार लें और चावल के साथ खाने के लिए परोस लें.

2. एरी पोलू/रेशम कीट के साथ बांस का शूट
एक पैन में सरसों के तेल को गर्म करें और कटे हुए प्याज, हरी मिर्च और लहसुन डालें. प्याज के पकने से पहले इसमें एरी पोलू के टुकड़े को डालें और अच्छी तरह से तलें. जब पोलू ठीक से तल जाएं तो इसमें अदरक और लहसुन का पेस्ट, नामक और बैम्बू शूट डालें और पानी मिलाएं. जब ये उबलने लगें, तो समझिए कि डिश तैयार है और आप इसे चावल के साथ खाने के लिए परोस सकते हैं.

डिश को खाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
यह डिश आपको जितना भी अच्छा लगे, इसे खाने से पहले कृपया हर तरह से यह सुनिश्चित कर लें कि आपको इनको खाने से किसी तरह की एलर्जी न हो. अगर आपकी मेडिकल स्थिति पहले से कुछ भिन्न है तो उस दशा में प्रोटीन का यह नया स्रोत आपके स्वास्थ्य के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है. इसे खाने से एलर्जी हो सकती है, जो आपके लिए घातक हो सकती है.

एरी पोलू खाने से मिलता है भरपूर प्रोटीन
रेशम कीट प्यूपा प्रोटीन, वसा, मिनरल्स और विटामिन का अच्छा स्रोत है. परंपरागत भोजनों की तुलना में इनमें पोषण तत्वों जैसे प्रोटीन, फैट और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा काफी ज्यादा होती है और इस तरह के प्रति 100 ग्राम भोजन से 230 कैलोरी प्राप्त होती है. इसलिए, अगर आप अपने भोजन में रेशम कीट को शामिल करना चाहते हैं तो यह पोषक तत्वों की दैनिक जरूरत पूरा करने का एक बहुत ही अच्छा स्रोत साबित हो सकता है.
.
Tags: Assam, Food 18, Latest hindi news
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 16:21 IST
[ad_2]
Source link