[ad_1]
हाइलाइट्स
सामान्य समोसे से आकार में आधे से भी कम होता है मिनी समोसा.
बच्चों के फंक्शन में खास तौर पर मिनी समोसा बनाया जा सकता है.
मिनी समोसा रेसिपी (Mini Samosa Recipe): समोसा नाम सुनते ही सभी के मुंह में पानी आने लगता है. बच्चे हों या बड़े सभी के बीच में समोसा काफी लोकप्रिय है. फेमस इंडियन स्ट्रीट फूड समोसे की ढ़ेरों वैराइटीज बनाकर खायी जाती हैं. इनमें से एक काफी पॉपुलर वैराइटी है मिनी समोसा. मूंग दाल की स्टफिंग से तैयार होने वाला मिनी समोसा काफी टेस्टी होता है और बच्चों के बीच तो ये काफी लोकप्रिय है. घर पर किटी पार्टी या फिर बच्चों का कोई आयोजन हो तो उसमें खास तौर पर मिनी समोसा बनाकर परोसा जा सकता है. इसे देखते ही बच्चों के चेहरे खिल उठते हैं.
मिनी समोसे का आकार सामान्य समोसे से आधे से भी कम होता है और इसे इसमें आलू की जगह मूंग दाल से तैयार होने वाला मसाला भरा जाता है. इसे दिन में या फिर शाम की चाय के साथ सर्व किया जा सकता है. आप भी अगर मिनी समोसा की रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं तो इसे बेहद आसान विधि का पालन कर तैयार कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: गुजराती फूड पसंद है तो बनाएं तंदूरी ढोकला, खाएंगे तो नहीं भूलेंगे स्वाद, ट्राई करें रेसिपी
मिनी समोसा बनाने के लिए सामग्री
मैदा – सवा कप
मूंग दाल – 1/2 कप
जीरा – 1/4 टी स्पून
धनिया पाउडर – 1 टी स्पून
सौंफ पाउडर – 1 टी स्पून
हरी मिर्च – 2-3
हरा धनिया – 2 टेबलस्पून
हींग – 1 चुटकी
अदरक – 1 इंच टुकड़ा
लाल मिर्च पाउडर – 1/4 टी स्पून
अमचूर – 1/4 टी स्पून
गरम मसाला – 1/4 टी स्पून
देसी घी – 1/4 कप
तेल – जरूरत के मुताबिक
नमक – स्वादानुसार
मिनी समोसा बनाने की विधि
मिनी समोसा बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मैदा छान लें. इसके बाद मैदे में देसी घी और चुटकीभर नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें. अब मैदे में गुनगुना पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटा गूंथने के बाद इसे सैट होने के लिए 30 मिनट तक ढककर अलग रख दें. मिनी समोसे के लिए छिलके वाली मूंग दाल लेकर उसे साफ करें और धोकर 2 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखें. इसके बाद दाल को हाथों से मसलकर छिलका निकाल लें.
अब दाल को छलनी पर डालकर पानी अलग कर दें. इसके बाद दाल को मिक्सर की मदद से पीस लें. दाल पीसने के दौरान उसमें हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक भी डाल दें. दाल को दरदरा पीसना है. अब दाल के दरदरे पेस्ट को एक बर्तन में निकाल लें. इसके बाद कड़ाही में 2 टेबलस्पून तेल डालकर उसे गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा और हींग डालकर भूनें. कुछ देर बाद धनिया पाउडर, सौंफ और पिसी हुई दाल डालकर मिक्स करें और भूनें.
दाल को चम्मच से चलाते हुए भूनना है. अब दाल में लाल मिर्च पाउडर, अमचूर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक मिला दें. दाल को तब तक भूनें जब तक कि उसका रंग ब्राउन होकर पूरा पानी न सूख जाए. दाल ड्राई होने के बाद समोसे में भरने के लिए स्टफिंग यानी पिट्ठी तैयार हो चुकी है.
इसे भी पढ़ें: डिनर में बनाएं लजीज़ वेज बिरयानी, हर कोई चाट लेगा उंगलियां, बेहद आसान है रेसिपी
अब मैदे का गुथा आटा लें और उसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर कपड़े से ढंक लें. एक लोई लें और उसे बेलन की मदद से पूरी के जैसा गोल बेल लें. इसके बाद चाकू की मदद से इसके दो बराबर भाग करें. एक हिस्सा लेकर किनारे मिलाते हुए कोन तैयार करें. इसमें तैयार की हुई स्टफिंग भरें और पानी की मदद से सारे किनारे चिपकाते हुए समोसे का आकार दें. इन्हें एक प्लेट में अलग रखें. इसी तरह सारे मिनी समोसे बना लें.
अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें कड़ाही की क्षमता के मुताबिक मिनी समोसे डालें और डीप फ्राई करें. समोसे को पलटते हुए दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक तलें. इसके बाद एक प्लेट में निकाल लें. सारे समोसे इसी तरह तल लें. टेस्टी मिनी समोसे बनकर तैयार हो चुके हैं. इन्हें चटनी या सॉस के साथ सर्व करें.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle
FIRST PUBLISHED : April 18, 2023, 13:16 IST
[ad_2]
Source link