[ad_1]
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए नये लोगों को जोड़ेगी। हर विधानसभा क्षेत्र में एक हजार और प्रत्येक बूथ पर कम से कम 5 लोगों को योजना से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही हर जिले में स्थापित किए गए कॉल सेंटरों (संवाद केंद्र) के जरिए न सिर्फ प्रदेश से बूथ और पन्ना प्रमुख तक का डाटा सत्यापन होगा, बल्कि हर लाभार्थी से संपर्क साधा जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने इन दोनों ही विषयों को लेकर गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर बैठक की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना को लेकर गांव, गली, मोहल्लों में अभियान चलाएं। हुनरमंदों को योजना से जोड़ें। उन्होंने छत्तीसगढ़ चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि महतारी योजना को लेकर जब आवेदन करने की जानकारी सभी को दी गई तो 56 लाख महिलाओं ने आवेदन किया। इसी के चलते वहां पूरा चुनावी परिदृश्य बदल गया।
ठीक इसी तरह पीएम विश्वकर्मा योजना से भी लुहार, सुनार, चर्मकार, कपड़ों की धुलाई करने वाले, नाव चलाने वालों सहित सभी उपेक्षित परंपरागत शिल्प से जुड़े लोगों को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इन उपेक्षित लोगों की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। बता दें कि पार्टी ने योजना के क्रियान्वयन के लिए हर जिले में तीन सदस्यीय समिति बना रखी है, जिसमें अधिकतर जिलाध्यक्षों को जोड़ा गया है।
11 हजार कॉलर देंगे हर योजना की जानकारी
सुनील बंसल ने कहा कि यूपी सहित देशभर में 358 कॉल सेंटर स्थापित हो चुके हैं। प्रदेश में जिलों के बाद अब मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ, सेक्टर, पन्ना समितियों तक का डाटा जांचना है। इसके अलावा सभी लाभार्थियों से भी लगातार संपर्क करना है। जिन लोगों तक लाभ नहीं पहुंचा है, उन्हें योजनाओं की जानकारी देनी है। यह काम लगातार जारी रहेगा।
ओबीसी और जाटों का अपमान कर रहा घमंडिया गठबंधन: भूपेंद्र
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि जब तक देश के परम्परागत कारीगर, शिल्पकार, उद्यमी आर्थिक रूप से मजबूत नहीं होंगे तब तक देश आर्थिक महाशक्ति नहीं बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना देश के शिल्पकारों एवं कारीगरों को देश के विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
पारंपरिक कौशल रखने वाले 18 प्रकार के शिल्पकार जिनके घरों में पीढ़ियों से काम करने वाला हुनर है, वह और निखरकर देश की आर्थिक ताकत बनेगा। मीडिया से बातचीत में राज्यसभा के उपसभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारने से जुड़े सवाल पर कहा कि घमंडिया गठबंधन के नेताओं ने ओबीसी और जाट समाज का अपमान किया है। देश का पिछड़ा वर्ग उन्हें इसका जवाब देगा।
योजना से जोड़ने के काम में जुटें: धर्मपाल
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना का शुरू करने का उद्देश्य पारंपरिक शिल्प में जुटे शिल्पकार और कारीगरों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है ताकि वह अपने प्रोडक्ट व सर्विस को बाजार में सहजता से पहुंचा सकें। शिल्पकार और कारीगरों को आर्थिक सहायता कर उनके जीवन स्तर को और बेहतर बनाया जा सके और उनकी आय में वृद्धि की जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारी योजना से जोड़ने के काम में जुटें। जनप्रतिनिधि भी इसमें सहयोग करें। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी तथा अभियान के जिला संयोजक व सहसंयोजक उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने किया।
[ad_2]
Source link