[ad_1]
सर्वेश श्रीवास्तव/अयोध्या. ज्योतिषीय गणना के अनुसार अक्टूबर माह में एक और बड़ा ग्रहीय परिवर्तन होने वाला है. 18 अक्टूबर ग्रहों के राजा सूर्य राशि परिवर्तन करेंगे. सूर्य वर्तमान में कन्या राशि में गोचर कर रहे हैं और अब वह 18 अक्टूबर को तुला राशि में प्रवेश कर जाएंगे. यूं तो सूर्य हर एक माह बाद राशि परिवर्तन करते हैं, लेकिन इस बार का उनका राशि परिवर्तन खास है.
दरअसल, ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, तुला राशि में सूर्य नीच के हो जाते हैं. जब कोई ग्रह नीच का हो जाता है तो उसके शुभ प्रभाव में कमी आ जाती है. सूर्य आत्मा, मान-सम्मान, पराक्रम, यश के कारक हैं. ऐसे में उनका नीच राशि में जाना कुछ राशियों के लिए अच्छा संकेत नहीं है. हालांकि, कुछ राशियों का इस गोचर के दौरान भला भी होगा. वहीं ठीक सूर्य ग्रहण के बाद यह राशि परिवर्तन होगा, ऐसे में इसका प्रभाव व्यापक माना जा रहा है.
कुछ के बनेंगे काम तो कुछ होंगे परेशान
अयोध्या के ज्योतिष पंडित कल्कि राम बताते हैं कि सूर्य ग्रह को कुंडली का प्रधान ग्रह माना जाता है. सूर्य को ग्रहों का राजा कहा गया है, जिसकी कुंडली में सूर्य ग्रह मजबूत स्थिति में होते हैं, उसे मान-सम्मान, उच्च पद की प्राप्ति होती है. 18 अक्टूबर को सूर्य तुला राशि में प्रवेश करेंगे, जो उनकी नीच राशि है. ऐसे में 12 राशियों के जातकों पर सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. कुछ राशि के जातक मालामाल हो सकते हैं तो कुछ राशि के जातकों को सावधान रहने की जरूरत है.
जानें सभी 12 राशियों पर कैसा रहेगा प्रभाव
मेष राशि: इस राशि के जातक के लिए सूर्य के तुला राशि में प्रवेश करने से कई तरह की परेशानियां सामने खड़ी होंगी. परिवार में लोग अस्वस्थ रहेंगे. खर्चों में बढ़ोतरी होगी. बने कम बिगड़ेंगे.
वृषभ राशि: इस राशि के जातकों के लिए भी यह गोचर ठीक नहीं है. हालांकि, शत्रुओं से सूर्य रक्षा करेंगे. लेकिन कर्ज में वृद्धि हो सकती है. घर में कलह का माहौल हो सकता है. दांपत्य जीवन में खटास पैदा हो सकती है.
मिथुन राशि: मिथुन राशि के जातकों के लिए सूर्य का यह राशि परिवर्तन लाभप्रद नहीं होगा. धन को लेकर चिंता रहेगी. संतान से कष्ट हो सकता है. बच्चों का पढ़ाई में मन नहीं लगेगा. मन अशांत रहेगा.
कर्क राशि: इस राशि के जातकों के लिए भी सूर्य का यह गोचर खास नहीं है. घर में कलह का माहौल बन सकता है. माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर सचेत रहें. दांपत्य जीवन में खटास के संकेत हैं. धन की फिजूलखर्ची बढ़ सकती है.
कन्या राशि: इस राशि के जातकों के लिए यह समय प्रतिकूल रहेगा. दांपत्य जीवन में विवाद हो सकता है. वाणी पर नियंत्रण रखें. इस माह में कोई बड़ी मीटिंग प्लान न करें. अगर करें तो दूसरों की सलाह के बाद ही निर्णय लें.
तुला राशि: इस राशि के जातकों के लिए भी सूर्य का गोचर ठीक नहीं है. तुला राशि में ही सूर्य के नीच होने से जातकों के व्यक्तित्व पर इसका प्रभाव पड़ेगा. आत्मसम्मान को ठेस पहुंच सकती है. दांपत्य जीवन में प्रतिकूलता आ सकती है.
मकर राशि: इस राशि के जातक भी कोई नया काम शुरू न करें, यदि करें तो पहले सोच विचार लें. व्यापार के क्षेत्र में घाटा हो सकता है. नौकरी-पेशा में दिक्कत आ सकती है. कहीं दूर यात्रा करने की सोच रहे हैं तो अभी रुक जाएं.
कुंभ राशि: इस राशि के जातकों को कई तरह की परेशानियां सताएंगी. भाग्य का साथ कम मिलेगा. दोस्तों से विवाद हो सकता है. नौकरी-पेशा करने वाले जातक को संभाल कर रहना होगा. धार्मिक कार्यों में मन कम लगेगा.
इन राशियों को होगा लाभ
सिंह राशि: इस राशि के जातकों को सूर्य देव के तुला राशि में प्रवेश का लाभ मिलेगा. सिंह राशि के जातकों की किस्मत खुल सकती है. कई तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे. आय के साथ व्यापार में वृद्धि होगी.
वृश्चिक राशि: इस राशि के जातकों को नौकरी-पेशा में सीनियर का साथ मिलेगा. रुका हुआ कार्य जल्द पूरा होगा. दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी. आय के नए स्रोत बनेंगे. विदेश यात्रा के योग भी बन रहे हैं.
धनु राशि: इस राशि के जातकों के लिए भी सूर्य का तुला राशि में परिवर्तन शुभ रहेगा. मान सम्मान में वृद्धि होगी. विदेश यात्रा पर जा सकते हैं. लाभ के रास्ते खुलेंगे. धन लाभ के भी योग हैं. रुका हुआ धन मिल सकता है.
मीन राशि: इस राशि के जातक के लिए यह समय अनुकूल रहेगा. सूर्य देव की कृपा से रुका हुआ कार्य जल्द पूरा होगा. धन आगमन के योग बन रहे हैं. हालांकि, वाणी पर नियंत्रण रखें, किसी का अपमान न करें तो यह गोचर लाभप्रद रहेगा.
(NOTE: इस खबर में दी गई सभी जानकारियां ज्योतिष के आधार पर हैं. NEWS18 LOCAL किसी भी तथ्य की पुष्टि नहीं करता है.)
.
Tags: Astrology, Ayodhya News, Life18, Local18
FIRST PUBLISHED : September 26, 2023, 07:00 IST
[ad_2]
Source link