[ad_1]
नई दिल्ली. दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों में आपने सफर के दौरान देखा होगा कि न केवल मेट्रो स्टेशनों के आसपास बल्कि ट्रेनों के अंदर और ट्रेन के शीशों पर भी किसी फिल्म, ब्रांड, सरकार या कंपनी का विज्ञापन छपा रहता है लेकिन अब दिल्ली मेट्रो विभिन्न ब्रांड और कंपनियों को मेट्रो स्टेशनों के नाम के आगे या पीछे ब्रांड का नाम लगाकर विज्ञापन करने की अनुमति देने पर भी विचार कर रहा है.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मेट्रो भवन में को-ब्रांडिंग राइट्स कॉलेबोरेशन के लिए स्टेकहोल्डर्स के साथ संवाद सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया है. इस सत्र में ओओएच मीडिया फर्मों, मीडिया एजेंसियों और मेट्रो स्टेशनों के समीपवर्ती प्रतिष्ठानों के साथ सार्वजनिक और निजी संगठनों सहित 30 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की.
डीएमआरसी द्वारा को-ब्रांडिंग का यह ऑफर संगठनों को स्टेशनों के अंदर और बाहर कुछ सौ वर्ग मीटर जगह हासिल करने के अलावा, मेट्रो स्टेशन के नाम के आगे या पीछे अपने ब्रांड नाम जोड़ने की अनुमति देता है. ब्रांड कलर के साथ कैनोपी, कियोस्क और स्टेशन कलरिंग जैसे कोलेटरल भी शामिल होते हैं.
आपके शहर से (दिल्ली-एनसीआर)
डीएमआरसी की ओर से इच्छुक संगठनों को और अधिक वैल्यू प्रदान करने के लिए ब्रांड नामों को स्टेशन के नाम के पहले या बाद में जोड़े जाने और इसे ट्रेन में की जाने वाली घोषणाओं में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है.
इस दौरान कई प्रतिभागियों ने अपने-अपने सुझाव भी दिए. डीएमआरसी के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को आश्वासन दिया कि भविष्य की कार्यप्रक्रिया में इन सुझावों पर विधिवत विचार किया जाएगा. प्रस्तुति और विचार-विमर्श के बाद, प्रतिभागियों को शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन का दौरा कराया गया. मेट्रो के अधिकारियों ने स्टेशन पर प्रतिभागियों का नेतृत्व किया और वहां उपलब्ध ब्रांडिंग स्पेस और ब्रांड नामों के संबंध में प्रकाश डाला.
डीएमआरसी द्वारा नई दिल्ली स्टेशन, कश्मीरी गेट, नेहरू प्लेस, आश्रम, वसंत विहार, खान मार्केट, हौज खास आदि सहित चयनित स्टेशनों पर को-ब्रांडिंग अवसरों के लिए निविदाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. नॉन-टिकटिंग राजस्व बढ़ाने के लिए डीएमआरसी द्वारा अनेक उपाय किए जा रहे हैं. इन पहलों में स्टेशनों पर संपत्ति विकास के उपाय, विदेशों में परामर्शी कार्य शामिल हैं.
बुधवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने की. इस दौरान यहां निदेशक परिचालन और सेवाएं डॉ. अमित कुमार जैन, वित्त निदेशक जीत शर्मा भी मौजूद रहे और इन्होंने सत्र के दौरान प्रतिभागियों के प्रश्नों और सुझावों के संबंध में जानकारी दी.
इसमें कई मीडिया एजेंसी सहित मीडिया फर्मों और प्रतिष्ठित सरकारी संगठनों और पीएसयू जैसे इंद्रप्रस्थ गैस, एसआईडीबीआई, इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन और भारतीय खेल प्राधिकरण ने भी सहभागिता की. शॉपर्स स्टॉप, इंडसइंड बैंक, एवीजी लॉजिस्टिक्स, यूनिटी ग्रुप, आरक्यूब प्रोजेक्ट्स और स्कोडा डीलरशिप जैसे निजी संगठनों ने भी बैठक में हिस्सा लिया.
.
Tags: Delhi Metro, Delhi Metro News, Delhi Metro operations
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 17:36 IST
[ad_2]
Source link










